Bihar News: छुट्टी में भी भर रहा है बिहार का खजाना, रविवार को खुले निबंधन कार्यालयों से दो माह में 42 करोड़ की वसूली

Bihar News:रविवार और अन्य अवकाशों पर निबंधन कार्यालयों को खुला रखने का फैसला अब खजाने के लिए वरदान साबित हो रहा है।....

Bihar Earns 42 Cr as Registry Offices Open on Sundays
छुट्टी में भी भर रहा है बिहार का खजाना- फोटो : social Media

Bihar News: राजस्व की सियासत में बिहार ने एक नया दांव चल दिया है। रविवार और अन्य अवकाशों पर निबंधन कार्यालयों को खुला रखने का फैसला अब खजाने के लिए वरदान साबित हो रहा है। कामकाजी तबका छुट्टी के दिन ज़मीन और फ्लैट के दस्तावेज़ों का निबंधन करा रहा है, और हुकूमत का ख़ज़ाना रफ्तार से भर रहा है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि फरवरी के महज़ दो रविवार में करीब 3,000 दस्तावेज़ निबंधित हुए, जिससे 20 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व हासिल हुआ।

जनवरी के चार रविवार 4, 11, 18 और 25 तारीख को कुल 3,324 दस्तावेजों का निबंधन हुआ और 21 करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी दर्ज की गई। पहले रविवार को 141 दस्तावेज़ों से 85 लाख रुपये आए, दूसरे रविवार को 540 दस्तावेज़ों से 3 करोड़ रुपये, तीसरे रविवार को 901 दस्तावेज़ों से लगभग 6 करोड़ रुपये और चौथे रविवार को रिकॉर्ड 1,742 दस्तावेज़ों से 11 करोड़ 55 लाख रुपये का राजस्व मिला। कुल मिलाकर दो महीनों में 6,000 से अधिक दस्तावेजों से करीब 42 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है।

विभागीय हलकों में इसे “रविवार बना कमाई का दिन” कहा जा रहा है। जनवरी 2026 से राष्ट्रीय अवकाशों को छोड़कर अन्य छुट्टियों में भी कार्यालय सामान्य कार्यदिवस की तरह संचालित किए जा रहे हैं। इससे दफ्तरों की भीड़ कम हुई है और लंबी कतारों से राहत मिली है। आम अवाम को सहूलियत और सरकार को आमद दोनों का संतुलन साधने की कोशिश दिख रही है।

प्रशासन ने सभी निबंधन पदाधिकारियों को ई-स्टाम्प निर्गत करने वाले अधिकृत संग्रह केंद्रों में पर्याप्त राशि से वॉलेट रिचार्ज सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है, ताकि प्रक्रिया में कोई व्यवधान न आए। मार्च में भी रविवार को कार्यालय खुले रहेंगे। साफ है सियासी सूझबूझ और प्रशासनिक फैसले ने छुट्टी के दिन को राजस्व दिवस में तब्दील कर दिया है।