Bihar Crime News: गयाजी को दहलाने की कोशिश हुई नाकाम, जंगल की गुफा से मिला दहशत का जखीरा, सुरक्षाबलों ने बरामद किया 300 किलो विस्फोटक

Bihar Crime News: बिहार के दुर्गम जंगलों से एक सनसनीखेज़ खुलासा सामने आया है।

Gaya Terror Bid Foiled 300 Kg Explosives Seized
गयाजी को दहलाने की कोशिश हुई नाकाम- फोटो : reporter

Bihar Crime News:  बिहार के  दुर्गम जंगलों से एक सनसनीखेज़ खुलासा सामने आया है। गया ज़िले के लुटुआ थाना क्षेत्र के लाडूईया पहाड़ स्थित सिंघवा स्थान के जंगली इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक गुफा से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बताया जा रहा है कि यह पूरा ज़खीरा बड़ी साज़िश को अंजाम देने के लिए छिपाकर रखा गया था। वक्त रहते की गई कार्रवाई ने एक संभावित खूनी वारदात को टाल दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, गुफा के भीतर से लगभग 300 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 150 कमर्शियल इलेक्ट्रिकल डेटोनेटर और 1000 कोदेक्स कमर्शियल तार बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामान का मिलना इस बात की तरफ इशारा करता है कि दहशत फैलाने की ठोस तैयारी चल रही थी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सामग्री नक्सली तत्वों द्वारा जंगल की आड़ में जमा की गई थी।

सूत्रों का कहना है कि इलाके में कुछ दिनों से संदिग्ध हलचल की खबरें मिल रही थीं, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज़ कर दिया। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगल के बीच स्थित इस गुफा तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन जवानों की मुस्तैदी और खुफिया इनपुट ने राज़ खोल दिया। बरामद सामान को सुरक्षित जब्त कर लिया गया है और बम निरोधक दस्ते ने पूरे इलाके की सघन जांच की।

खुफिया एजेंसियां अब इस बात की तहकीकात में जुटी हैं कि इस विस्फोटक ज़खीरे का इस्तेमाल कहां और कब किया जाना था। माना जा रहा है कि किसी बड़ी वारदात की साज़िश रची जा रही थी, जिसे समय रहते ध्वस्त कर दिया गया। इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और जंगल के अंदरूनी हिस्सों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दहशत के सौदागर चाहे जितनी गुप्त तैयारी कर लें, सुरक्षाबलों की पैनी नज़र और सतर्कता उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार