Bihar Film Policy: बिहार में फिल्म निर्माण को नई रफ्तार, दिसंबर से 15 से अधिक फिल्मों की होगी शूटिंग, सुनील शेट्टी, संजय मिश्रा, गोविंदा और सोनू सूद जैसे सितारे देंगे दस्तक

Bihar Film Policy: बिहार अब फिल्म निर्माण के नए ठिकाने के तौर पर तेजी से उभर रहा है। राज्य की नई फिल्म प्रोत्साहन नीति के बाद फिल्म निर्माताओं की दिलचस्पी बिहार की ओर बढ़ी है।...

Bihar Emerges as New Film Hub With 200 Crore Investment
बिहार में फिल्म निर्माण को नई रफ्तार- फोटो : social Media

Bihar Film Policy:  बिहार अब फिल्म निर्माण के नए ठिकाने के तौर पर तेजी से उभर रहा है। राज्य की नई फिल्म प्रोत्साहन नीति के बाद फिल्म निर्माताओं की दिलचस्पी बिहार की ओर बढ़ी है। दिसंबर 2026 से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 15 से अधिक फिल्मों की शूटिंग शुरू होने की तैयारी है। इन परियोजनाओं के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 से अब तक 45 से अधिक छोटी-बड़ी फिल्मों, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये बिहार में खर्च हो चुके हैं। सुनील शेट्टी, संजय मिश्रा, गोविंदा और सोनू सूद समेत कई चर्चित कलाकारों ने राज्य में शूटिंग के लिए सहमति दी है। बड़े सितारों वाली फिल्मों का बजट 100 से 500 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना भी फिल्म जगत से जुड़े लोग जता रहे हैं।

क्षेत्रीय सिनेमा को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन

फिल्म नीति के तहत भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के लिए 50 फीसदी तक अनुदान का प्रावधान है। हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों के लिए यह सीमा 25 फीसदी रखी गई है। बिहार में 75 फीसदी से अधिक शूटिंग दिवस पूरी करने वाली फीचर फिल्मों को प्रोत्साहन देने का भी प्रावधान है, जिसके तहत प्रत्येक श्रेणी में 50 लाख रुपये तक की सहायता दी जा सकती है।

प्राकृतिक लोकेशन बनीं फिल्मकारों की पसंद

पटना का जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव हिंदी गानों और कमर्शियल दृश्यों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। कैमूर का दुर्गावती डैम अपने सुरम्य नजारों के कारण गीतों की शूटिंग के लिए पसंद किया जा रहा है। वहीं वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगल थ्रिलर, एक्शन और जंगल आधारित फिल्मों के लिए उपयोगी लोकेशन माने जा रहे हैं। राजगीर का ग्लास ब्रिज, नालंदा का वेणु वन और मुंगेर का भीमबांध भी फिल्मकारों की लोकेशन सूची में शामिल हैं।नीति के तहत अनुदान और सिंगल विंडो जैसी सुविधाओं के साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य फिल्मकर्मियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। वर्ष 2015 से 2026 के बीच आलिया भट्ट, अक्षय कुमार, संजय दत्त और ऋतिक रोशन समेत 25 से अधिक चर्चित सितारों के बिहार में आने का भी दावा किया गया है।