बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कांग्रेस पर किया जोरदार हमला, कहा बार-बार उजागर हो रहा पार्टी का गैर लोकतांत्रिक व तानाशाही चेहरा

PATNA : बिहार सरकार के मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संतोष सुमन ने कहा की राहुल गांधी के करीबियों और दरबारियों को भी 'कांग्रेसी जन्नत' की हकीकत मालूम है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिदम्बरम का बयान वह आईना है जिसमें कांग्रेस और उसके स्वार्थलोलुप इंडी गठबंधन का बदरूप, विकृत और लिजलिजा चेहरा बेनकाब हो गया है। आजादी के तुरंत बाद जिस कांग्रेस को समाप्त करने की गांधी जी ने गुजारिश की थी, लगता है 78 वर्षों के बाद वह समय आ गया है।
उन्होंने कहा की आकंठ भ्रष्टाचार, परिवार व वंशवाद की वजह से पातालगामी कांग्रेस का पतन जिस तेजी से हो रहा है, वैसे में राहुल-सोनिया के दरबारियों का सशंकित और चिंतित होना लाजिमी है। एक परिवार और वंश तक सीमित कांग्रेस को जिस तरह से पाकिस्तान के खिलाफ की गई भारत की सैन्य करवाई की उसके ही नेता शशि थरूर की प्रशंसा चुभती है। जिस तरह से वह सेना से सबूत मांगती है। दुर्दांत आतंकी हाफिज सईद को 'जी' लगा कर सम्बोधित करती है। मोदी जी को हटाने के लिए पाकिस्तान से समर्थन मांगती है। देश द्रोहियों के साथ 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' का नारा लगाती है। उसका क्या भविष्य हो सकता है?
संतोष सुमन ने कहा की तुष्टिकरण और 'बांटो व राज करो' की नीति से छह दशकों से ज्यादा तक देश में राज करने वाली कांग्रेस का गैर लोकतांत्रिक व तानाशाही चेहरा बार-बार उजागर होता रहा है। देश के बहुसंख्यकों की उपेक्षा, दलितों का अपमान, वोट के लिए देश के संसाधनों पर अल्पसंख्यकों का पहला अधिकार बताने वाली कांग्रेस के भविष्य को लेकर कांग्रेसियों का चिंतित होना सहज व स्वाभाविक है। उसका खात्मा देश व देश के लोकतंत्र के हित में है। देश की जनता ने तो पहले ही मन बना लिया है...'कांग्रेस मुक्त भारत का।'