दुनियाभर में अरमानी को पहचान दिलानेवाले फैशन डिजाइनर जियोर्जियो अरमानी का हुआ निधन, सिग्नेचर ब्रांड ने इसी साल पूरे किए थे 50 साल

N4N Desk : दुनिया के मशहूर इटालियन फैशन डिजाइनर और अरमानी ब्रांड के मालिक जियोर्जियो अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि उनके फैशन हाउस ने की। जानकारी के अनुसार, वे लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने अपने घर पर ही अंतिम साँस ली।
निजी रहेगा अंतिम संस्कार, 50 साल पूरे होने का जश्न बाकी
अरमानी के फैशन हाउस ने बताया कि उनके सम्मान में मिलान में शनिवार और रविवार को एक फ्यूनरल चैंबर स्थापित किया जाएगा। हालांकि, उनका अंतिम संस्कार निजी तौर पर किया जाएगा और इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। निधन से ठीक पहले, अरमानी मिलान फैशन वीक के दौरान अपने सिग्नेचर फैशन हाउस के 50 साल पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसके लिए उन्होंने एक भव्य समारोह की योजना बनाई थी।
फैशन जगत में क्रांति लाने वाले दिग्गज
जियोर्जियो अरमानी को फैशन की दुनिया में "रेडी-टू-वियर" क्रांति लाने के लिए जाना जाता है। उनके ब्रांड ने दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई। रेड कार्पेट पर सेलिब्रिटीज को डिजाइन पहनाकर ग्लैमरस लुक देने की शुरुआत भी अरमानी की ही देन मानी जाती है।
10 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति के मालिक
फोर्ब्स के अनुसार, अरमानी अपनी मृत्यु के समय दुनिया के शीर्ष 200 अरबपतियों में शामिल थे। उनकी कुल संपत्ति 10 अरब डॉलर से अधिक थी। उनके विशाल कारोबार में कपड़े, एक्सेसरीज़, होम फर्निशिंग, परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स, और यहाँ तक कि चॉकलेट जैसे उत्पाद भी शामिल थे। उनकी कंपनी का सालाना कारोबार 2 बिलियन पाउंड से अधिक था। इसके अलावा, उनके पास कई बार, क्लब, रेस्टोरेंट और अपनी खुद की बास्केटबॉल टीम EA7 एम्पोरियो अरमानी मिलान भी थी।
उन्होंने 1998 से लेकर अब तक मिलान से टोक्यो तक 20 से अधिक रेस्टोरेंट खोले थे। इसके साथ ही, उन्होंने 2009 में दुबई में और 2010 में मिलान में दो शानदार होटल भी शुरू किए थे। जियोर्जियो अरमानी का निधन फैशन और बिजनेस जगत के लिए एक बड़ा नुकसान है।