तिरंगे के रंग में रंगा बिहार, बेतिया से पूर्णिया-मुजफ्फरपुर तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा से गूंजा देशभक्ति का संदेश

Har Ghar Tiranga Campaign 2026: आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार के अलग-अलग जिलों में देशभक्ति का जज्बा चरम पर नजर आया।....

Bihar in Tricolor Grand Tiranga Yatras Spread Patriotism Acr
तिरंगे के रंग में रंगा बिहार- फोटो : reporter

Har Ghar Tiranga Campaign 2026: आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार के अलग-अलग जिलों में देशभक्ति का जज्बा चरम पर नजर आया। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत बेतिया, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा थामा तो कहीं स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, जीविका दीदियों और आम नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ कदम से कदम मिलाया।

बेतिया में समाहरणालय से शहीद पार्क तक तिरंगा यात्रा

पश्चिम चंपारण के बेतिया में जिला समाहरणालय परिसर से शहीद पार्क तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम की अगुवाई में निकली यात्रा में अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

डीएम ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मकसद आम लोगों, खासकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। यात्रा शहीद पार्क पहुंची, जहां वीर शहीदों को नमन किया गया।

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की साइकिल तिरंगा रैली

भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र में भी तिरंगे के सम्मान में साइकिल रैली निकाली गई। ई समवाय मंगुरहा, बाह्य सीमा चौकी पिरारी और जम्होली की ओर से आयोजित कार्यक्रम कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन और सहायक कमांडेंट परिमल मंडल के नेतृत्व में हुआ।गौनाहा बाजार से सरफरवा, जम्होली से हरकटवा और मंडीहा से बखरी चौक तक करीब 15 किलोमीटर की साइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया गया।

मुजफ्फरपुर में मंत्री, डीएम और SSP समेत उमड़ा जनसैलाब

मुजफ्फरपुर में जिला प्रशासन की ओर से सुबह भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता, जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान शहरवासियों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील भी की गई। पूरे शहर में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का माहौल नजर आया।

पूर्णिया में जिला स्कूल से शहीद स्मारक तक यात्रा

पूर्णिया में भी जिला स्कूल मैदान से टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, जीविका दीदियां और आम नागरिक शामिल हुए।यात्रा के समापन पर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इसी अवसर पर तिरंगा यात्रा तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से देश को सर्वोपरि मानते हुए राष्ट्रहित में आगे बढ़कर योगदान देने की अपील की।

पूर्णिया के SSP डॉ. शौर्य सुमन ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए सभी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।बिहार के इन शहरों में निकली तिरंगा यात्राओं ने एक साझा संदेश दिया—तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और बलिदान की पहचान है।

बेतिया से आशीष, मुजफ्फरपुर से मणिभूषण, पीर्णिया से अंकित की रिपोर्ट