Bihar IPS Transfer: बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एडीजी रत्न संजय को मिली विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी, पटना समेत इन जिलों के एसपी बदले

बिहार सरकार के गृह विभाग ने आईपीएस और बीपीएससी अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। एडीजी रत्न संजय को विधि-व्यवस्था की कमान सौंपी गई है, जबकि कई जिलों के एसपी बदले गए हैं।

Bihar IPS Transfer list
एडीजी रत्न संजय को मिली विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी, पटना समेत इन जिलों के एसपी बदले- फोटो : Reporter

बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इसके तहत 1998 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री रत्न संजय, जो अभी तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे, उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। 


महिला एवं कमजोर वर्ग की सुरक्षा पर विशेष फोकस

अधिसूचना के अनुसार, पहले अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) और अतिरिक्त प्रभार (कमजोर वर्ग एवं अपराध अनुसंधान विभाग) संभाल रही श्रीमती कार्तिकेय सुहिता अनुपम (1998 बैच) को नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग (CID), बिहार, पटना के पद पर स्थायी रूप से पदस्थापित किया गया है। इस बदलाव को राज्य में कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराधों की मॉनिटरिंग और जांच को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। 

जिला और क्षेत्रीय स्तर पर अधिकारियों के नए पदस्थापन

क्षेत्रीय और मैदानी स्तर पर प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने के लिए कई अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। महामहिम राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस) के पद पर तैनात किरण कुमार गोरख जाधव (2016 बैच) को अब अरवल जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है। वहीं, अरवल की वर्तमान पुलिस अधीक्षक रहीं श्रीमती नवजोत सिमी (2018 बैच) का तबादला कर दिया गया है और उन्हें पुलिस अधीक्षक (सीओ), अपराध अनुसंधान विभाग (CID), बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है।  


पटना जिले में ट्रैफिक और विशेष सशस्त्र पुलिस की कमान में बदलाव

राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं। 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी  चन्द्र प्रकाश, जो पहले बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10 के समादेष्टा और साइबर अपराध के अतिरिक्त प्रभार में थे, उन्हें अब पटना का नया नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) बनाया गया है। वहीं, इस पद पर पहले से कार्यरत श्रीमती ममता कल्याणी को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना के पद पर भेजा गया है।