Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर महिलाओं को सरकार का तोहफा, AC ई-पिंक बसों में मिलेगी ये सुविधाएं

Raksha Bandhan: रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में खास पहल शुरू की है।...

Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर महिलाओं को सरकार का तोहफा,  AC
महिलाओं को सरकार का तोहफा- फोटो : social Media

Raksha Bandhan: रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में खास पहल शुरू की है। महिलाओं के सफर को ज्यादा सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में AC ई-पिंक बसों का परिचालन शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों की खेप में से फिलहाल पांच बसों को महिलाओं के लिए विशेष रूप से पिंक बस के रूप में संचालित किया जा रहा है।

ये सभी बसें लो-फ्लोर और बैटरी चालित हैं। AC सुविधा से लैस इन बसों में महिलाओं को गर्मी के मौसम में भी अपेक्षाकृत आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक होने के कारण ये बसें पारंपरिक ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन की तुलना में पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर विकल्प मानी जा रही हैं।पथ परिवहन निगम के अनुसार, फिलहाल पांच AC ई-पिंक बसों का संचालन अलग-अलग रूटों पर किया जा रहा है। इनमें दो बसें पटना-पालीगंज रूट पर और दो बसें बेली रोड रूट पर चल रही हैं, जबकि एक बस पटना से बिहटा की ओर संचालित हो रही है। इससे पटना के साथ आसपास के शहरों और कस्बों के बीच महिलाओं के लिए परिवहन सुविधा का दायरा बढ़ेगा।

सरकार की योजना इससे भी बड़ी है। बिहार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कुल 400 AC इलेक्ट्रिक बसें मिलने की बात कही गई है। इनमें से 50 बसें महिलाओं के लिए विशेष पिंक बस के तौर पर संचालित की जाएंगी। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग जिलों में करीब 100 पिंक बसों का संचालन पहले से किया जा रहा है।पटना से पालीगंज जाने वाली बस में अलग-अलग पड़ाव के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। पालीगंज तक किराया 121 रुपये है। वहीं दुल्हिन बाजार तक 108 रुपये, बिक्रम तक 84 रुपये, नौबतपुर तक 70 रुपये और दानापुर रेलवे स्टेशन तक 40 रुपये किराया निर्धारित है।पालीगंज से पटना वापसी के दौरान दुल्हिन बाजार का किराया 14 रुपये, बिक्रम 38 रुपये, नौबतपुर 51 रुपये और दानापुर रेलवे स्टेशन 82 रुपये है। वहीं गांधी मैदान तक पहुंचने के लिए किराया 121 रुपये बताया गया है।

पटना के कारगिल चौक से बिहटा और बिहटा IIT तक भी AC इलेक्ट्रिक बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। कारगिल चौक से मल्टीमॉडल हब और इनकम टैक्स चौराहा तक किराया 13-13 रुपये है। सचिवालय और चिड़ियाघर तक 18 रुपये, गोला रोड 24 रुपये, सगुना मोड़ 37 रुपये और दानापुर रेलवे स्टेशन 42 रुपये किराया है।आगे शिवाला मोड़ 55 रुपये, हंगामा वाटर पार्क 66 रुपये और बिहटा-बिहटा IIT तक 72 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।

रक्षाबंधन के मौके पर शुरू की गई यह सेवा महिलाओं के लिए आरामदायक परिवहन का नया विकल्प बनने के साथ-साथ पटना और आसपास के इलाकों में इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।