बिहार विधान परिषद चुनाव: चिराग पासवान की पार्टी ने अशरफ अंसारी को बनाया उम्मीदवार, NDA ने घोषित किए 9 प्रत्याशी
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने-अपने कोटे से चार-चार उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अशरफ अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया है। इस संबंध में लोजपा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक की ओर से आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। इससे जहां चिराग की पार्टी का कद बढ़ गया है वहीं उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो के लिए यह एक झटका है।
भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। वहीं जदयू ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति तथा उपचुनाव के लिए ललन प्रसाद के नाम पर मुहर लगाई है। वहीं अशरफ अंसारी को उम्मीदवार बनाए जाने को लोजपा (रामविलास) के लिए राजनीतिक और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
एनडीए के घटक दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही यह भी साफ हो गया है कि बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को इस बार विधान परिषद चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलेगा। राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा थी कि उन्हें एमएलसी बनाकर सदन में भेजा जा सकता है, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया।
दीपक प्रकाश फिलहाल राज्य सरकार में मंत्री हैं, लेकिन वे विधानसभा या विधान परिषद, किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। संविधान के प्रावधानों के अनुसार मंत्री बनने के छह माह के भीतर किसी एक सदन का सदस्य बनना अनिवार्य होता है। ऐसा नहीं होने पर मंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है। ऐसे में यह चुनाव उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
विधान परिषद चुनाव के गणित पर नजर डालें तो मौजूदा विधानसभा संख्या बल के आधार पर एक सीट जीतने के लिए लगभग 25 विधायकों के वोटों की आवश्यकता होती है। एनडीए के पास पर्याप्त संख्या बल होने के कारण उसके सभी उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। भाजपा, जदयू और लोजपा (रामविलास) द्वारा कुल नौ उम्मीदवार उतारने के साथ ही गठबंधन ने सभी उपलब्ध सीटों पर अपना दावा मजबूत कर दिया है।