बिहार MLC चुनाव: नामांकन का आज आखिरी दिन, तेजस्वी यादव की बढ़ी टेंशन ... सहयोगियों ने ही छोड़ा साथ

विधान परिषद की इन 8 सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। आरजेडी ने सात सीटों पर, कांग्रेस ने पांच, सीपीआई ने दो और सीपीएम ने एक सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं।

Bihar MLC Election 2026
Bihar MLC Election 2026- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आज, 6 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले ही चुनावी तस्वीर दिलचस्प हो गई है। खासकर NDA और महागठबंधन के भीतर कई सीटों पर सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के आमने-सामने आने से आपसी टकराव खुलकर सामने आ गया है। महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों ने कई निर्वाचन क्षेत्रों में एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार दिए हैं।


विधान परिषद की इन 8 सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। आरजेडी ने सात सीटों पर, कांग्रेस ने पांच, सीपीआई ने दो और सीपीएम ने एक सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। सीटों के तालमेल को लेकर महागठबंधन में बनी सहमति कई सीटों पर धरातल पर कायम नहीं रह सकी है। महागठबंधन में आपसी टकराव बढने से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की टेंशन बढ़ गई है।


 महागठबंधन में आपसी भिड़ंत

महागठबंधन के भीतर सबसे रोचक मुकाबला दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में है। यहां कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने आरजेडी ने कुंवर राय को उतारा है, जबकि सीपीआई की ओर से रामदेव राय भी मैदान में हैं। यानी इस सीट पर महागठबंधन के तीन घटक दलों के प्रत्याशी एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। वही पटना स्नातक सीट पर सीट पर आरजेडी ने दिलीप कुमार को और कांग्रेस ने डॉ. असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है। इससे यहां भी महागठबंधन के घटक दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं।


दरभंगा और कोसी स्नातक सीट पर RJD-कांग्रेस

दरभंगा स्नातक सीट पर आरजेडी ने अनिल कुमार झा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से रजनीकांत पाठक मैदान में हैं। इसी तरह कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आरजेडी के नितेश कुमार के सामने कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल चुनाव लड़ रहे हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी आरजेडी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। आरजेडी ने डॉ. संजीव कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने डॉ. संजय यादव पर भरोसा जताया है।


सारण शिक्षक सीट पर RJD-CPI में टक्कर

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आरजेडी और सीपीआई आमने-सामने हैं। आरजेडी ने प्रो. जयराम यादव को उम्मीदवार बनाया है, जबकि सीपीआई ने विद्यासागर विद्यार्थी को मैदान में उतारा है। इस तरह 8 में से 6 सीटों पर महागठबंधन के घटक दलों के प्रत्याशी एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। 


23 अक्टूबर को मतदान, 27 को आएगा परिणाम

नामांकन की प्रक्रिया आज 6 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों के नतीजों का असर बिहार की राजनीतिक तस्वीर पर भी पड़ सकता है।