बिहार MLC चुनाव : जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में फतुहा पहुंचे अनंत सिंह, कहा—"सबकी जमानत जप्त करा देंगे"
बिहार विधान परिषद का पटना स्नातक सीट हॉट सीट बना हुआ है। इस सीट पर एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी के विरुद्ध उनकी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह विरोध में खड़े हो गए है। अनंत सिंह ने आज फतुहां में जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया....
Patna : पटना स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनाव प्रचार को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह फतुहा पहुंचे। फतुहा पहुंचने पर स्थानीय समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में जेसीबी से फूलों की बारिश की और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार के पक्ष में किया चुनाव प्रचार
मोकामा विधायक अनंत सिंह पटना स्नातक सीट से जन सुराज के समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार के पक्ष में मतदान की अपील करने फतुहा आए थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं से जन सुराज प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
जनता ही मालिक, विरोधियों की जमानत होगी जप्त - अनंत सिंह
चुनावी माहौल को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक अनंत सिंह ने कहा कि “लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक होती है और उसी जनता के अपार समर्थन के बल पर हम यह चुनाव भारी अंतर से जीतेंगे।” विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने हुंकार भरी कि चुनाव मैदान में सामने जो भी उम्मीदवार खड़ा होगा, जनता सबकी जमानत जप्त करा देगी।
अपनी ही पार्टी JDU के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ संभाला मोर्चा
गौरतलब है कि पटना स्नातक एमएलसी सीट से सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने पूर्व मंत्री व मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, जदयू विधायक होने के बावजूद अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं और जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में धुआंघार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं, जिससे पटना स्नातक सीट का सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
रजनीश की रिपोर्ट