Bihar MLC Polls: बिहार MLC चुनाव में 164 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा, 8 सीटों पर मुकाबला हो गया है दिलचस्प, दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा उम्मीदवार

Bihar MLC Polls: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हो गई। चुनावी मैदान में उतरने के लिए कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।..

बिहार MLC चुनाव
बिहार MLC चुनाव में 8 सीटों पर मुकाबला दिलचस्प- फोटो : social Media

Bihar MLC Polls:  बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हो गई। चुनावी मैदान में उतरने के लिए कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 98 और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 66 प्रत्याशी शामिल हैं। अब बुधवार, 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर नामांकन वापसी की आखिरी तारीख है। इसके बाद आठों सीटों पर चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

इन सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटिंग बैलेट पेपर के जरिए होगी और मतदाताओं को उम्मीदवारों के लिए अपनी पसंद का वरीयता क्रम दर्ज करना होगा। 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और इसके बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा उम्मीदवार

स्नातक कोटे की चार सीटों में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सबसे अधिक 40 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है। इसके बाद पटना स्नातक से 22, तिरहुत स्नातक से 20 और कोसी स्नातक से 16 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। यानी सिर्फ इन चार सीटों पर ही 98 उम्मीदवार मैदान में हैं।वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना शिक्षक सीट से सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। सारण शिक्षक से 19, दरभंगा शिक्षक से 14 और तिरहुत शिक्षक से 11 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।

इन आठ सीटों पर होना है चुनाव

23 अक्टूबर को जिन सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन आठ सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

मौजूदा सदस्यों में पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद शामिल हैं।

शिक्षक और स्नातक वोटरों के लिए अलग नियम

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे शिक्षक मतदान कर सकते हैं जो माध्यमिक विद्यालय से नीचे के स्तर के संस्थानों में कार्यरत न हों। हाईस्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के पात्र शिक्षक इसमें शामिल होते हैं। इसके लिए शिक्षक के पास निर्धारित कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव होना जरूरी है और मतदाता सूची में अलग से पंजीकरण भी कराना होता है।

वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वही व्यक्ति वोट डाल सकता है जिसके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय की स्नातक डिग्री कम से कम तीन वर्ष पुरानी हो और वह संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में निवास करता हो। ऐसे मतदाताओं का नाम भी विशेष रूप से तैयार की जाने वाली मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है।नामांकन खत्म होने के बाद अब निगाहें स्क्रूटनी और नाम वापसी पर हैं। 9 अक्टूबर के बाद ही साफ होगा कि मैदान में कुल कितने उम्मीदवार बचते हैं और आठों सीटों पर मुकाबले का अंतिम स्वरूप क्या रहता है।

ब्यूरो रिपोर्ट