प्रशांत किशोर वापस लेंगे पटना स्नातक उम्मीदवार अनुज कुमार का नामांकन ! नीतीश कुमार करें नीरज कुमार के लिए यह काम
प्रशांत किशोर ने कहा कि जेडीयू की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि नीरज कुमार को नीतीश कुमार का समर्थन हासिल है। नीतीश कुमार की ओर से ऐसा बयान आते ही जनसुराज अपना उम्मीदवार वापस लेने को तैयार है।
Bihar MLC Polls 2026 : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और जनसुराज उम्मीदवार अनुज कुमार के बीच मुकाबले के बीच प्रशांत किशोर ने जेडीयू को सीधी चुनौती दी है। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कहा कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सार्वजनिक तौर पर एक लाइन का बयान जारी कर नीरज कुमार के समर्थन की घोषणा कर दें, तो जनसुराज अपने उम्मीदवार अनुज कुमार का नाम वापस ले लेगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जेडीयू की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि नीरज कुमार को नीतीश कुमार का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में नीतीश कुमार नीरज कुमार का समर्थन कर रहे हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से यह कहना चाहिए कि “सभी लोग नीरज कुमार को वोट दें।” प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार की ओर से ऐसा बयान आते ही जनसुराज अपना उम्मीदवार वापस लेने को तैयार है।
नीतीश दें बयान
प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना स्नातक सीट पर लोगों ने अनुज कुमार का समर्थन किया है और इसी वजह से जनसुराज ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि केवल यह कहने से कि नीरज कुमार को नीतीश कुमार का समर्थन प्राप्त है, बात स्पष्ट नहीं होती। इसके लिए मुख्यमंत्री का सार्वजनिक बयान सामने आना चाहिए।
पटना स्नातक सीट पर जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जनसुराज ने अनुज कुमार को मैदान में उतारा है। अनुज कुमार को मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह का खुला समर्थन प्राप्त है। अनंत सिंह उनके नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही उनके पक्ष में प्रचार भी कर रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट का मुकाबला जेडीयू के लिए खास राजनीतिक महत्व रखता है।
पटना शिक्षक सीट पर भी प्रशांत किशोर का हमला
प्रशांत किशोर ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा के उम्मीदवार नवल किशोर यादव के खिलाफ जनसुराज ने डॉ. दिव्या ज्योति को मैदान में उतारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाज या राज्य के हित के बजाय व्यक्तिगत हितों को ध्यान में रखकर चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जनसुराज का उद्देश्य ऐसे उम्मीदवारों को सामने लाना है जो समाज और राज्य के मुद्दों पर चुनाव लड़ें। उन्होंने पटना स्नातक सीट पर अपने उम्मीदवार की उम्मीदवारी को लेकर जेडीयू के सामने नीतीश कुमार के समर्थन को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने की चुनौती रखी है।
अभिजीत की रिपोर्ट