Bihar MLC Election 2026: बिहार MLC चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज, आठ सीटों पर मुकाबला, NDA की प्रतिष्ठा दांव पर

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है। ...

Bihar MLC Election 2026
आज थम जाएगा 8 सीटों पर चुनाव प्रचार- फोटो : social Media

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और जन सुराज समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मतदाताओं को अपने पक्ष में गोलबंद करने के लिए उम्मीदवार जनसंपर्क, फोन कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए लगातार संपर्क साध रहे हैं। इसी बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

आठ सीटों पर मुकाबला, NDA की प्रतिष्ठा दांव पर

विधान परिषद की इन आठ सीटों का चुनाव इस बार महज प्रतिनिधि चुनने की कवायद नहीं है, बल्कि इसके जरिए बिहार की सियासत में विभिन्न दलों की ताकत और सांगठनिक एकजुटता की भी परीक्षा हो रही है। भाजपा और जदयू ने आपसी तालमेल के तहत चार-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं, राजद ने छह सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। कांग्रेस और वाम दलों के प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं।प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। कई निर्वाचन क्षेत्रों में सहयोगी दलों के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। ऐसे में मतदाताओं का रुझान और बागी नेताओं की भूमिका चुनावी नतीजों पर असर डाल सकती है।

फोन कॉल और वॉयस मैसेज से मतदाताओं तक पहुंच रहे प्रत्याशी

प्रचार अभियान के अंतिम दिन उम्मीदवार मतदाताओं से संपर्क साधने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। व्यक्तिगत मुलाकातों के साथ टेली-कैंपेन का भी सहारा लिया जा रहा है। जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार, भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव और राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव की आवाज वॉयस मैसेज के जरिए मतदाताओं के मोबाइल फोन तक पहुंच रही है। प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने और अंतिम समय में मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे हैं।

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनुज सिंह के बीच मुकाबला

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव का सबसे चर्चित केंद्र बन गया है। जदयू ने अपने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार पर फिर भरोसा जताया है। वह इस सीट से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं और चौथी बार जीतने की कोशिश में हैं। उनके सामने जन सुराज के अनुज सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। राजद ने दिलीप कुमार और कांग्रेस ने असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है।

इस सीट पर मुकाबला तब और पेचीदा हो गया, जब मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने खुलकर अनुज सिंह का समर्थन करना शुरू कर दिया। अनंत सिंह की नाराजगी नीरज कुमार से बताई जा रही है। उनका आरोप है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। इस विरोध ने जदयू के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है।

नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने से बढ़ी राजनीतिक हलचल

चुनावी गहमागहमी के बीच नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर उनकी सेहत की जानकारी ली। हालांकि, उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण और स्वास्थ्य की विस्तृत स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना

चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 98 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 66 उम्मीदवार शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होनी है।

अब प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों की निगाहें मतदान पर टिकी हैं। एक तरफ NDA अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा बचाने और सीटों पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ राजद, कांग्रेस और जन सुराज अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने के लिए जुटे हैं। ऐसे में नतीजे बिहार की सियासत में कई नए समीकरणों की दिशा तय कर सकते हैं।