बिहार में हाई अलर्ट,संकट से निपटने को सरकार एक्टिव, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप तैयार, सप्लाई पर रहेगी नजर

Bihar News: पश्चिम एशिया में जारी जंग के साए ने अब बिहार की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है।

Bihar on High Alert Govt Activates Crisis Team Tracks Supply
वैश्विक जंग का असर बिहार तक- फोटो : social Media

Bihar News: पश्चिम एशिया में जारी जंग के साए ने अब बिहार की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है। अंतरराष्ट्रीय हालात की नजाकत को भांपते हुए बिहार सरकार ने एक हाई-लेवल क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (CMG) का गठन कर दिया है, ताकि किसी भी आपात हालात से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखी जा सके।

यह खास कमेटी राज्य के मुख्य सचिव की सरपरस्ती में काम करेगी, जिसमें कई अहम विभागों के आला अफसरों को शामिल किया गया है। इस टीम में विकास आयुक्त, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, बिहार पुलिस के मुखिया यानी पुलिस महानिदेशक समेत कृषि, स्वास्थ्य, नगर विकास, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, श्रम संसाधन, ऊर्जा, परिवहन और आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस पूरे सिस्टम का नोडल जिम्मा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को सौंपा गया है।

सरकार का साफ मकसद है कि किसी भी तरह की अफरा-तफरी या किल्लत की नौबत ना आए। जरूरी सामानों की सप्लाई चेन दुरुस्त रहे, बाजार में कालाबाजारी या जमाखोरी पर लगाम लगे, और खासकर प्रवासी मजदूरों के हक की हिफाजत सुनिश्चित की जा सके। CMG को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वह हालात पर पैनी नजर रखे और जरूरत पड़ने पर फौरन एक्शन प्लान तैयार कर उसे अमल में लाए।

इस हाई-वोल्टेज कमेटी की पहली बैठक 30 मार्च 2026 को शाम 4 बजे मुख्य सचिव के दफ्तर में बुलाई गई है। इसके ठीक बाद शाम 5 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों के साथ सीधी बातचीत होगी, ताकि सूबे के हर कोने तक एक ही रणनीति लागू की जा सके।

सरकार ने साफ कर दिया है कि हालात के मुताबिक इस ग्रुप का दायरा और भी बढ़ाया जा सकता है। यानी अगर जरूरत पड़ी तो और विभागों को भी इसमें जोड़ा जाएगा। कुल मिलाकर, बिहार अब किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए पूरी तरह चौकन्ना और तैयार नजर आ रहा है।