Patna news - बाढ़ को जिले का दर्जा देने की फिर उठी मांग, इसी राजनीतिक दल ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
बिहार में चुनावी माहौल शुरू होते ही बाढ़ अनुमंडल को जिला बनाने की मांग फिर से शुरू हो गई है। आज लोहिया जनता दल ने राज्यपाल के नाम से एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लल्लू मुखिया को झुठे केस में फंसाने का आरोप भी लगाया।

Badh/patna - 2025 विधानसभा चुनाव के पहले पहली बार किसी राजनीतिक दल ने बाढ़ को फिर से लोकसभा क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। लोहिया जनता दल ने अपने स्थापना दिवस पर बाढ़ अनुमंडल को जिला बनाने के अलावा फिर से लोकसभा क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हम बाढ़ को उसका पुराना गौरव फिर से वापस लौटाएंगे। बिहार का सबसे पुराना अनुमंडल होने के कारण हर चुनाव में बाढ़ को जिला बनाने की मांग उठती रही है। हर राजनीतिक दल के चुनावी एजेंडे में यह मुद्दा प्राथमिकता पर होता है। लेकिन चुनाव जीतने के बाद बाढ़ को जिला बनाने की मांग चुनावी स्लोगन बनकर रह जाता है।
आज लोहिया जनता दल के सैकड़ो कार्यकर्ता दल के प्रधान महासचिव राजू प्रसाद चंन्दवंशी के नेतृत्व में ANS कॉलेज मैदान से पैदल मार्च करते हुए एसडीओ ऑफिस पहुंचे। उन्होंने एसडीओ शुभम कुमार को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
लल्लू मुखिया को फंसाने का लगाया आरोप
उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया और उनके भाई रणवीर यादव को बाढ़ पुलिस और सत्तारूढ दल के एक सांसद के द्वारा झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि लल्लू मुखिया पर झूठे केस मामले की प्रशासन द्वारा उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक विरोधी लोग चाहते हैं कि वे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सकें, इसलिए तमाम तरह के चुनावी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हम आंदोलन कर विरोधियों के किसी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट