Bihar Bus Service:बिहार से पांच राज्यों का सफर होगा आसान, 2500 नई बसें चलाने की तैयारी

Bihar Bus Service: बिहार से झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों तक पहुंचना अब पहले से ज्यादा आसान हो सकता है।

Bihar Bus Service:बिहार से पांच राज्यों का सफर होगा आसान, 25
बदलेगी सड़क सफर की तस्वीर- फोटो : SOCIAL MEDIA

Bihar Bus Service: बिहार के यात्रियों के लिए आने वाले दिनों में सड़क सफर की तस्वीर बदलने वाली है। राज्य से झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों तक पहुंचना अब पहले से ज्यादा आसान हो सकता है। परिवहन विभाग ने पांच राज्यों के बीच यात्री आवागमन को रफ्तार देने के लिए 2500 से अधिक नई बसें चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए बिहार से करीब 300 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस परिचालन के परमिट जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस योजना में राजधानी पटना के साथ बिहार के छोटे-बड़े जिलों और कस्बों को भी दूसरे राज्यों से जोड़ने की पहल की गई है।

परिवहन विभाग ने इच्छुक बस संचालकों और वाहन मालिकों से परमिट के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इसके अलावा आवेदन की हार्ड कॉपी 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्य परिवहन प्राधिकार के कार्यालय में जमा करनी होगी। प्राप्त आवेदनों पर विचार करने के लिए 29 दिसंबर को प्राधिकार की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद मार्गों के अनुसार परमिट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

इस पूरी योजना में बिहार और झारखंड के बीच बसों का परिचालन सबसे बड़े पैमाने पर प्रस्तावित है। दोनों राज्यों के बीच करीब दो हजार नई बसों को परमिट दिए जाने की तैयारी है। इसमें पटना-रांची मार्ग सबसे आगे है, जहां 458 बसें चलाने का प्रस्ताव है। वहीं पटना से टाटा के लिए 153, देवघर के लिए 119, गिरिडीह के लिए 97 और दुमका के लिए 92 बसों के परमिट दिए जाने हैं। इससे झारखंड जाने वाले यात्रियों को बसों की उपलब्धता बढ़ने और यात्रा के बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है।

योजना का दायरा केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा। बिहारशरीफ, आरा, सासाराम, बक्सर, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, मुंगेर, बेगूसराय, छपरा, खगड़िया, सिवान, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, भागलपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार और राजगीर जैसे शहरों से भी झारखंड के विभिन्न शहरों के लिए बसें चलाने का प्रस्ताव है। इससे राज्य के अलग-अलग इलाकों के यात्रियों को लंबी दूरी तय करने के लिए सीधे बस संपर्क मिल सकेगा। ओडिशा के लिए भी कई अहम मार्गों पर बस परिचालन की तैयारी है। इनमें पटना-भुवनेश्वर, पटना-बालासोर, पटना-रायरंगपुर, भागलपुर-राउरकेला, गया-सुंदरगढ़ और औरंगाबाद-ब्रह्मपुर जैसे रूट शामिल हैं। इसके अलावा बिहारशरीफ से बारीपदा, रायरंगपुर और भुवनेश्वर के लिए भी बसें चलाने की योजना है।

उत्तर प्रदेश के लिए भी एक दर्जन से अधिक मार्गों पर 60 से ज्यादा बसों के परमिट प्रस्तावित हैं। पटना-वाराणसी, पटना-गोरखपुर, पटना-बलिया, देवरिया-पटना, वाराणसी-डेहरी और भभुआ-वाराणसी जैसे रूट इसमें शामिल हैं। इससे बनारस, गोरखपुर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। कुल मिलाकर यह पहल बिहार के अंतरराज्यीय परिवहन नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।