Bihar Ganga Expressway:बिहार को मिलेगा सुपर हाईवे का तोहफा, गंगा किनारे बनेगा 260 KM का एक्सप्रेसवे, राफेल भी भर सकेगा उड़ान

Bihar Ganga Expressway: बिहार में भी एक आधुनिक गंगा एक्सप्रेसवे बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यह परियोजना न केवल राज्य के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती देगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Bihar Plans Ganga Expressway With Emergency Airstrip Route
बिहार को मिलेगा सुपर हाईवे का तोहफा- फोटो : social Media

Bihar Ganga Expressway: बिहार के विकास की तस्वीर बदलने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से मंथन चल रहा है। उत्तर प्रदेश के चर्चित गंगा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर अब बिहार में भी एक आधुनिक गंगा एक्सप्रेसवे बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यह परियोजना न केवल राज्य के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती देगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे बक्सर से शुरू होकर भागलपुर जिले के सुल्तानगंज तक जाएगा। लगभग 260 किलोमीटर लंबा यह फोर लेन एक्सप्रेसवे गंगा नदी के किनारे-किनारे विकसित किया जाएगा। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसका निर्माण इस प्रकार किया जाएगा कि बाद में इसे छह लेन और आठ लेन तक विस्तारित किया जा सके।

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका सामरिक महत्व है। योजना के अनुसार एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को एयरस्ट्रिप मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विशेष अवसरों पर भारतीय वायुसेना इस हिस्से का उपयोग रनवे के रूप में कर सकेगी। बताया जा रहा है कि राफेल, सुखोई और अन्य लड़ाकू विमान यहां लैंडिंग और टेकऑफ करने में सक्षम होंगे। हालांकि एयरस्ट्रिप के लिए अंतिम स्थान का चयन अभी किया जाना बाकी है।

पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक यह एक्सप्रेसवे बक्सर, आरा, कोईलवर, दीघा, दीदारगंज, फतुहा, मुंगेर और सुल्तानगंज को सीधे जोड़ेगा। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर आधुनिक विश्राम स्थल, फूड प्लाजा और पर्यटन केंद्र भी विकसित किए जाने की योजना है। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से बक्सर, पटना, मुंगेर और भागलपुर सहित कई जिलों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच यात्रा के दौरान लगने वाले लंबे जाम और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। विशेष रूप से भागलपुर क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

देश में पहले से यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे मार्गों पर लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग और टेकऑफ का प्रदर्शन हो चुका है। ऐसे में बिहार का प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे भी राष्ट्रीय सुरक्षा और आधुनिक बुनियादी ढांचे का एक नया प्रतीक बन सकता है। यदि यह महत्वाकांक्षी योजना जमीन पर उतरती है, तो बिहार को न केवल तेज और सुगम परिवहन व्यवस्था मिलेगी, बल्कि राज्य देश के उन चुनिंदा इलाकों में शामिल हो जाएगा जहां विकास और सामरिक शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।