पटना में पुलिस की कार्रवाई, गांधी मैदान के पास हिरासत में लिए गए बिहार पुलिस चालक सिपाही अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में खाली रह गई महिला सीटों को उसी श्रेणी के योग्य पुरुष उम्मीदवारों से भरने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और कलश यात्रा निकालने का कार्यक्रम बनाया था। उसके पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया

Bihar Police Driver Recruitment
Bihar Police Driver Recruitment- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती में रिक्त रह गई 1200 से अधिक महिला सीटों को भरने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे अभ्यर्थियों को शुक्रवार को पटना में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अभ्यर्थी गांधी मैदान के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए जुटे थे। पुलिस ने गांधी मैदान को सील कर दिया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।


अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में खाली रह गई महिला सीटों को उसी श्रेणी के योग्य पुरुष उम्मीदवारों से भरने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और कलश यात्रा निकालने का कार्यक्रम बनाया था। इसके तहत वे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास एकत्रित होकर डाकबंगला चौराहे तक पैदल मार्च निकालना चाहते थे। हालांकि, मार्च शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।


सूप, कलश और तिरंगा लेकर प्रदर्शन की थी तैयारी

अभ्यर्थियों ने अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए छठ पूजा की परंपरा के अनुरूप सूप और कलश लेकर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इसके साथ ही वे तिरंगा लेकर पैदल मार्च निकालना चाहते थे। अभ्यर्थियों की तैयारी गांधी मैदान में छठ पूजा के अर्घ्य देने की भी थी।


1200 से अधिक रिक्त सीटें भरने की मांग

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती प्रक्रिया में 1200 से अधिक महिला सीटें खाली रह गई हैं। उनकी मांग है कि भर्ती नियमों के तहत यदि संभव हो, तो इन रिक्त सीटों को संबंधित श्रेणी के योग्य पुरुष अभ्यर्थियों से भरा जाए। इससे खाली पदों का उपयोग हो सकेगा और भर्ती प्रक्रिया में शामिल पात्र उम्मीदवारों को नौकरी का अवसर मिल सकता है।


अभ्यर्थियों ने इस मुद्दे पर सरकार और संबंधित विभाग से विचार करने की मांग की है। वहीं, गांधी मैदान के पास पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन का कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सका।

अनिल की रिपोर्ट