नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के पीछे असली वजह क्या? बीजेपी नेता गोपाल नारायण सिंह के बयान से सियासी हलचल!

नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाओं के बीच भाजपा के पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार को 'बेदाग छवि' वाला नेता बताते हुए उनके स्वास्थ्य और भविष्य की राजनीति पर अपनी राय साझा की।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के पीछे असली वजह क्या? बीजेपी न

Patna : बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों पर मुहर लगाते हुए उनकी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के इकलौते ऐसे नेता हैं जिनकी छवि पूरी तरह बेदाग है और अब वे स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली में रहकर राजनीति करेंगे। 

सम्मानजनक स्थिति में दिल्ली जाएंगे नीतीश

गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने जीवन भर संघर्ष की राजनीति की है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और आराम करने के लिए घर छोड़ना उचित नहीं था, इसलिए उन्हें सम्मानजनक स्थिति में दिल्ली (राज्यसभा) बुला लिया गया है। यह फैसला उनकी स्वयं की इच्छा से हुआ है।

भाजपा ने हमेशा दिया सम्मान

पूर्व सांसद ने तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा नीतीश कुमार का सम्मान किया है। उन्होंने याद दिलाया कि दो टर्म से भाजपा बिहार में सबसे बड़ी पार्टी रही, इसके बावजूद नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री का पद देकर आगे बढ़ाया गया।

बिहार में निवेश और सुशासन पर जोर

राज्य की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि सुशासन की व्यवस्था में थोड़ी बहुत 'ढीला-ढाला' स्थिति है, जिसे सुधारा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की सबसे बड़ी समस्या 'निवेश' (Investment) की कमी है। जब तक राज्य में निवेश नहीं आएगा, तब तक रोजगार का सृजन नहीं होगा।

"बिहार विकसित होगा तभी देश विकसित होगा"

गोपाल नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि भाजपा की जिम्मेदारी बिहार को सुरक्षित और विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि पीएम ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक बिहार विकसित नहीं होगा, तब तक देश विकसित नहीं हो सकता। नीतीश कुमार के अनुभवों से भाजपा को भविष्य में भी शिक्षा और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

जब उनसे आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस पर अभी अटकलें लगाना उचित नहीं है। उन्होंने फिलहाल नीतीश कुमार के दिल्ली जाने और बिहार के सर्वांगीण विकास पर ही ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

Report - ranjit kumar