25 अगस्त के महाआंदोलन को तेजस्वी के समर्थन के एलान से गरमाई बिहार की राजनीति, प्रशासन ने की छात्र नेताओं के साथ बैठक

आगामी 25 अगस्त को प्रस्तावित महाआंदोलन से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा इस समर्थन देने के एलान के बाद पटना प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीएम और एसएसपी ने छात्र नेताओं के साथ बैठक की है, हालांकि छात्र सीएम और शिक्षा मंत्री से मिलने की मांग

25 अगस्त के महाआंदोलन को तेजस्वी के समर्थन के एलान से गरमाई
सीएम से मिलने की मांग पर अड़े छात्र- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र लगातार अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, आगामी 25 अगस्त को प्रस्तावित महाआंदोलन से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया। तेजस्वी के समर्थन के बाद यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक रूप लेने लगा है।


प्रशासन हरकत में, छात्र नेताओं के साथ हुई बैठक

विपक्ष की ओर से छात्रों को समर्थन मिलने के तुरंत बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। पटना के जिलाधिकारी (DM) कुंदन कुमार ने हालात को संभालने और वार्ता के जरिए समाधान निकालने के लिए छात्र नेता सौरव कुमार और दिलीप कुमार को बातचीत का न्योता दिया। इस बैठक में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिसके बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।


DM, SP और SSP की मौजूदगी में मांगों पर चर्चा

आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में पटना के एसपी कार्तिकेय शर्मा और एसएसपी मुरारी कृष्णा समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान छात्र नेताओं ने अपनी प्रमुख मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। छात्र नेताओं का मुख्य जोर इस बात पर था कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए और इसके लिए शासन के शीर्ष स्तर से हस्तक्षेप की जरूरत है।


मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मुलाकात की मांग

बैठक के दौरान छात्र नेताओं ने मुख्य रूप से मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा, उन्होंने शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री से भी वार्ता कराने की मांग उठाई। हालांकि, बैठक के बाद छात्र नेता दिलीप कुमार ने बयान दिया कि फिलहाल मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात होने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है, जिससे छात्रों में निराशा भी है।


25 अगस्त को सीएम हाउस घेराव का ऐलान

वहीं, छात्र नेता सौरव ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगें समय रहते नहीं मानी गईं, तो 25 अगस्त का प्रस्तावित महाआंदोलन हर हाल में जारी रहेगा। उन्होंने ऐलान किया कि छात्र 25 अगस्त की सुबह 10 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 पर एकत्र होंगे और वहां से सीएम हाउस घेराव के लिए विशाल मार्च निकालेंगे।


अनिल की रिपोर्ट