सावन की अंतिम सोमवारी पर तिलेहश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन की अंतिम सोमवारी पर तिलेहश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस
तिलेहश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सुपौल जिला मुख्यालय सहित सदर प्रखंड के सुखपुर गांव स्थित प्रसिद्ध तिलेहश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह मंदिर का पट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लग गया। देखते ही देखते पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से पट गया और हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।


कतारबद्ध होकर भक्तों ने किए दर्शन, मंदिर कमेटी व्यवस्था में जुटी

मंदिर का पट खुलते ही महिला, पुरुष, युवा और बच्चों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी के सदस्य पूरे दिन व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं को भीड़ नियंत्रण और कतारबद्ध दर्शन की अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। अंतिम सोमवारी के विशेष धार्मिक महत्व को देखते हुए शिवभक्तों ने भगवान तिलेहश्वर महादेव को गंगाजल, बेलपत्र, फूल और पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।


मंदिर परिसर में बना मेले जैसा माहौल, बच्चों ने उठाया झूलों का आनंद

अंतिम सोमवारी के अवसर पर तिलेहश्वर नाथ मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र मेले के रंग में रंगा नजर आया। परिसर में पूजा सामग्री, खान-पान के स्टॉल और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हुई थीं। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं और बच्चों ने परिसर में लगे झूलों व मेले का जमकर आनंद लिया। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की आवाजाही से पूरे सुखपुर इलाके में दिनभर काफी चहल-पहल और उत्सव का माहौल बना रहा।


सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद, यातायात व्यवस्था रखी सुचारू

श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह सतर्क नजर आए। मंदिर परिसर और प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल व प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यातायात सुचारू बना रहे। प्रशासनिक सक्रियता और मंदिर कमेटी के बेहतर समन्वय के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने और दर्शन के बाद सुरक्षित लौटने में काफी सहूलियत मिली।


अन्य शिवालयों में भी गूंजे बोल बम के जयकारे

सावन की अंतिम सोमवारी पर सिर्फ तिलेहश्वर नाथ मंदिर ही नहीं, बल्कि जिले भर के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी आस्था का जनसैलाब देखा गया। राघोपुर प्रखंड के भीमशंकर महादेव मंदिर और बरुआरी के कपिलेश्वर महादेव मंदिर समेत तमाम शिवालयों में सुबह से शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे जिले में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट