Bihar Rajya Sabha Chunav 2026:बिहार की 5वीं राज्यसभा सीट पर सियासी शतरंज, तेजस्वी की बैठकों का दौर, अख्तरूल इमान के आवास पर भी सियासी हलचल तेज, NDA का दावा-पाँचों सीट हमारी
Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: बिहार की सियासत इन दिनों पूरी तरह गरमा गई है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल इमान के आवास पर भी सियासी हलचल तेज है।...
Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: बिहार की सियासत इन दिनों पूरी तरह गरमा गई है। राज्यसभा की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। चार सीटों पर जीत का समीकरण लगभग साफ माना जा रहा है, लेकिन असली मुकाबला पाँचवीं सीट को लेकर है। यही वजह है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही खेमों में रणनीति, जोड़-तोड़ और बैठकों का दौर लगातार तेज हो गया है।
एक तरफ एनडीए अपनी जीत का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर महागठबंधन भी इस सीट को किसी भी कीमत पर जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।
राज्यसभा चुनाव से पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अहम बैठक बुलाई है। दरअसल, महागठबंधन ने राज्यसभा के लिए ए.डी. सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, लेकिन उन्हें जीत दिलाने के लिए गठबंधन के पास अभी भी करीब 6 विधायकों की कमी बताई जा रही है। यही कारण है कि तेजस्वी यादव लगातार बैठकों के जरिए राजनीतिक समीकरण साधने में जुटे हुए हैं।
इधर, पटना में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल इमान के आवास पर भी सियासी हलचल तेज है। उनका घर दावते-ए-इफ्तार के लिए सजकर तैयार है और दिलचस्प बात यह है कि एआईएमआईएम के पोस्टरों में तेजस्वी यादव की तस्वीर भी नजर आ रही है। आज यानी 15 मार्च को आयोजित इस इफ्तार पार्टी में तेजस्वी यादव के शामिल होने की चर्चा है, हालांकि पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के इसमें शामिल होने की संभावना नहीं बताई जा रही।
राजनीतिक गलियारों में यह लगभग तय माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में एआईएमआईएम आरजेडी उम्मीदवार ए.डी. सिंह को समर्थन दे सकती है। अगर ऐसा होता है, तो पाँचवीं सीट का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।
दूसरी ओर, वीर चंद्र पटेल पथ स्थित एमएलए फ्लैट परिसर में उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद संजय झा, संजय जायसवाल समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में दावा किया कि एनडीए पाँचों सीटें जीतने जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में मंत्री संजय सिंह और श्रवण कुमार ने कहा कि एआईएमआईएम को तोड़ने का काम तेजस्वी यादव ने किया था, इसलिए अब पार्टी अपना पुराना सियासी हिसाब चुकता कर सकती है। वहीं जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए को अपनी जीत पर पूरा भरोसा है जीत हमारी आदत में है।
रिपोर्ट- देवांशु प्रभात