Bihar Jobs, बिहार में 5 साल में लगेंगे 10 हजार उद्योग, 12 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार, सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान

Bihar Jobs: बिहार के औद्योगिक विकास और रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा लक्ष्य सामने रखा।..

Bihar Sets Target of 10000 Industries in Five Years
बिहार में 5 साल में लगेंगे 10 हजार उद्योग- फोटो : social Media

Bihar Jobs: पटना में शनिवार को बिहार के औद्योगिक विकास और रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में 10 हजार उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बिहार में औद्योगिक माहौल तैयार हो रहा है और अब तक करीब एक हजार उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने पटना के तारामंडल में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नेशनल इनोवेशन चैलेंज पोर्टल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्यामा प्रसाद मुखर्जी कार रैली के तहत 25 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इनोवेशन प्रदर्शनी का अवलोकन कर युवा उद्यमियों से उनके स्टार्टअप और उत्पादों के बारे में जानकारी ली।

12 लाख लोगों के पलायन पर रोक की कोशिश

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के करीब 12 लाख लोग मजदूरी और रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसी उद्देश्य से उद्योगों और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी नए स्टार्टअप के जरिए बिहार में रोजगार और कारोबारी अवसर पैदा कर सकते हैं और राज्य सरकार उनके प्रयासों को सहयोग देगी।

मुख्यमंत्री ने सेवा, नवाचार, तकनीक और उद्यमिता को बिहार की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की युवा शक्ति और बड़ी आबादी को विकास की ताकत के रूप में इस्तेमाल करने की जरूरत है। आईटी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए Bihar Tech Portal for Innovation in IT Sector का भी उल्लेख किया गया।

एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने महिला सशक्तीकरण को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनके अनुसार, युवा ऊर्जा, तकनीकी क्षमता और उद्यमशीलता को एक साथ जोड़कर राज्य में नए रोजगार और कारोबार के अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

सरकार की ओर से घोषित 10 हजार उद्योगों का लक्ष्य अब आने वाले पांच वर्षों में औद्योगिक निवेश, उद्यमिता और रोजगार के विस्तार से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ ही युवाओं को राज्य में अवसर उपलब्ध कराने और पलायन कम करने की दिशा में उद्योग एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।