पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कौशल विकास योजना से बदली युवाओं की किस्मत, 5413 को मिला रोजगार कौशल

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप का भी पूरा अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सीधे रोजगार प्राप्त कर सकें।

Bihar Skill Development Scheme
Bihar Skill Development Scheme- फोटो : news4nation

Bihar News : सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कौशल विकास योजना चलाई जा रही है। योजना के तहत वर्ष 2018 से अब तक 5 हजार 413 युवाओं ने विभिन्न आधुनिक ट्रेड्स में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त किया है। 


योजना का उद्देश्य ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) और ईबीसी (अतिपिछड़ा वर्ग) के युवा-युवतियों को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्लंबिंग, इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, ब्यूटी कल्चर, फैशन डिजाइनिंग, मशीनरी ऑपरेशन, वेल्डिंग, ड्राइविंग समेत कई उद्योग-उन्मुखी ट्रेड्स शामिल हैं। वर्तमान में राज्य के 9 प्रमुख केंद्रों (भागलपुर, मुंगेर, गोपालगंज, पूर्णिया, रोहतास, कटिहार और दरभंगा) पर कुल 370 प्रशिक्षणार्थियों का कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप का भी पूरा अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सीधे रोजगार प्राप्त कर सकें। सरकार की इस पहल को युवाओं में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। योजना न केवल बेरोजगारी घटाने में मदद कर रही है, बल्कि समाज के पिछड़े तबके को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विभाग के अनुसार, योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भविष्य में प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी साथ ही नए ट्रेड्स को भी जोड़ा जायेगा।