Bihar Airlines News: बिहारवालों की बल्ले-बल्ले! इन 8 जिलों में शुरू होने जा रही है स्पेशल फ्लाइट सर्विस, आज ही देख लें लिस्ट

Bihar Airlines News: बिहारवालों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के 8 जिलों में स्पेशल फ्लाइट सर्विस शुरु की जाएगी। जिससे हवाई संपर्क मजबूत करने और दूरदराज इलाकों को जोड़ा जाएगा।

स्पेशल फ्लाइट सर्विस
बिहारवालों की बल्ले-बल्ले!- फोटो : social media

Bihar Airlines News:  बिहार के लोगों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। आने वाले समय में राज्य के आठ जिलों से 19-सीटर छोटे विमानों की उड़ान शुरू हो सकती है। हवाई संपर्क को मजबूत करने और दूरदराज इलाकों को जोड़ने के लिए सरकार ने इस परियोजना पर तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत संभावनाओं का आकलन करने के लिए पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन को मंजूरी दे दी गई है।

इन जिलों में शुरू हो सकती है उड़ान

राज्य सरकार जिन जिलों में छोटी विमान सेवा की संभावना तलाश रही है, उनमें मधुबनी, बीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकिनगर, भागलपुर, सहरसा, मोतिहारी और छपरा शामिल हैं। प्री-फिजिबिलिटी स्टडी के तहत जमीन की उपलब्धता, रनवे की संभावना, यात्री संख्या, सुरक्षा, पर्यावरण प्रभाव और लागत-लाभ जैसे पहलुओं की जांच की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि इन जिलों में 19-सीटर विमानों का नियमित संचालन संभव है या नहीं। इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।

केंद्र सरकार से मिली आर्थिक मदद

इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को 3.64 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस फंड से संभावित एयरस्ट्रिप और हवाई सेवाओं के विकास पर काम किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह पहल सीमावर्ती और पिछड़े जिलों को सीधा हवाई संपर्क देने में मददगार साबित होगी।

पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

हवाई सेवा शुरू होने से लोगों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल तक पहुंच आसान हो जाएगी। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य देखने आते हैं। हवाई संपर्क बढ़ने से इन जिलों में निवेश और रोजगार के नए अवसर बनने की संभावना है। सरकार को उम्मीद है कि यह योजना क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।