बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने TRE-4 में अरबी-फारसी विषय शामिल करने की उठाई मांग, शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने TRE-4 शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में अरबी और फारसी विषयों को शामिल करने की पुरजोर मांग की है। इसे लेकर उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा है.....

बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने TRE-4 में अरबी-फारसी विषय शाम
TRE-4 में अरबी-फारसी विषय शामिल करने की उठी मांग- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने बिहार के शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर TRE-4 शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में अरबी और फारसी विषयों को शामिल करने की पुरजोर मांग की है। आयोग ने ऑल इंडिया बिहार स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष शकीलुर्रहमान द्वारा दिए गए आवेदन का हवाला देते हुए कहा कि जारी रोस्टर में इन विषयों को जगह न मिलने से एसटीईटी (STET) उत्तीर्ण हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।


स्वीकृत पदों के बावजूद रोस्टर से विषय बाहर होने पर जताया असंतोष

पत्र में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2023 में बिहार सरकार ने फारसी के 605 और अरबी के 400 पदों को मंजूरी प्रदान की थी। इसके बावजूद वर्तमान TRE-4 शिक्षक बहाली के रोस्टर में इन पदों को शामिल नहीं किया गया है, जिससे योग्य और उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में भारी निराशा और असंतोष का माहौल व्याप्त है।


211 नए डिग्री कॉलेजों में पद सृजित न होने पर भी जताई चिंता

अल्पसंख्यक आयोग ने अपने पत्र में राज्य की वर्तमान शिक्षक नीति की कमियों को उजागर किया है। इसके साथ ही राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में उर्दू, अरबी और फारसी जैसे विषयों के लिए शिक्षक पदों की स्वीकृति न दिए जाने पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई है।


छात्र हित में उच्चस्तरीय समीक्षा और त्वरित कार्रवाई की अपील

छात्रों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने शिक्षा विभाग से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा करने का अनुरोध किया है। आयोग ने मांग की है कि आवश्यक सुधार कर उचित कार्रवाई की जाए और उससे आयोग को भी अवगत कराया जाए। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।



देवांशु प्रभात की रिपोर्ट