बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज,पटना में VVIP मूवमेंट तेज, 600 लग्जरी गाड़ियों की डिमांड से बढ़ा सस्पेंस

Bihar New CM Update: शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां अपने शबाब पर पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने परिवहन विभाग से करीब 600 लग्ज़री गाड़ियों की डिमांड की है।...

Bihar swearing in buzz VVIP rush 600 luxury cars fuel suspen
CM के शपथ की भव्य तैयारी- फोटो : reporter

Bihar New CM Update: बिहार की सियासत इस वक्त एक बड़े क्राति के दहाने पर खड़ी है, जहां आने वाले 48 घंटे सूबे की सरकार का नक्शा बदल सकते हैं। सत्ता के गलियारों में यह बात लगभग तय मानी जा रही है कि नीतीश कुमार के बाद अब बिहार का नया मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से होगा। यह पहली दफा होगा जब बीजेपी अपने दम पर तख़्त हासिल करती नजर आएगी, जिससे सियासी फिज़ा में जबरदस्त गर्मी है।

इसी बीच शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां अपने शबाब पर पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने परिवहन विभाग से करीब 600 लग्ज़री गाड़ियों की डिमांड की है। इन गाड़ियों में टोयोटा इनोवा, हुंडई क्रेटा और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा जैसे हाई-प्रोफाइल वाहन शामिल हैं, जो वीवीआईपी मूवमेंट के लिए इस्तेमाल होंगे। यह इंतजाम इस बात का इशारा है कि शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य और हाई-प्रोफाइल बनाने की तैयारी है।

वहीं पटना में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। डॉ. एस.एम. त्यागराजन खुद तैयारियों का जायजा लेने लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सुरक्षा, वीवीआईपी मूवमेंट और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। पीएम मोदी भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। इसको लेकर इस बार सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा होगा और हर एंगल से निगरानी की जाएगी। 

राजनीतिक हलकों में इस पूरे घटनाक्रम को स्मूथ ट्रांजिशन का नाम दिया जा रहा है, लेकिन अंदरखाने सियासी शतरंज की बिसात बिछी हुई है। सरताज कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है, जिससे अवाम के बीच उत्सुकता चरम पर है। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर बिहार का नया सियासी बादशाह कौन बनेगा।

सूत्रों की मानें तो 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण का भव्य आयोजन संभावित है। जिला प्रशासन इसे ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। अब निगाहें बस उस पल पर टिकी हैं, जब बिहार को उसका नया चेहरा मिलेगा और सियासत एक नए दौर में दाखिल होगी।