Bihar Vigilance raid: बिहार में कार्यपालक अभियंता के 6 ठिकानों पर निगरानी की तलाशी, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

Bihar Vigilance raid: बिहार निगरानी ब्यूरो ने कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया। पटना समेत छह ठिकानों पर तलाशी में संपत्ति के दस्तावेज मिले।

Bihar Vigilance raid

Bihar Vigilance raid: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये की प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला है।


विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद 26 नवंबर को निगरानी ब्यूरो की छह तलाशी टीमों ने पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवासों तथा कार्यालयों में तलाशी शुरू की।


पत्नी और परिजनों के नाम पर 16 अचल संपत्तियां


निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियां मिली हैं। इनका कुल मूल्य 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये बताया गया है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियों का मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपये आंका गया है। ब्यूरो के अनुसार, ये संपत्तियां अभियुक्त की ज्ञात आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक हैं। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।


छह ठिकानों पर तलाशी, कटिहार के किराये के मकान की भी जांच


निगरानी ब्यूरो की टीमों ने अभियुक्त के पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवासों तथा कार्यालयों की तलाशी ली। कटिहार में गौशाला चौक, मनिहारी रोड स्थित सुरेश सिंह के किराये के मकान और सासाराम में जांच एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय में भी तलाशी की जा रही है। अभियुक्त का वर्तमान पदस्थापन सासाराम प्रमंडल में अधीक्षण अभियंता, जांच एवं गुणवत्ता नियंत्रण के पद पर बताया गया है।


पटना के फ्लैट और बैंक निवेश के दस्तावेज मिले


तलाशी के दौरान निगरानी टीम को पटना स्थित दो फ्लैटों के डीड और बैंक, शेयर तथा एलआईसी में निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। ब्यूरो के अनुसार, संपत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।


सिलीगुड़ी में जमीन खरीदने का भी दावा


निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, अभियुक्त की पत्नी के नाम पर सिलीगुड़ी के व्यावसायिक इलाके में वर्ष 2021 में 10 डीड के जरिए कुल 92 डिसमिल जमीन खरीदे जाने के दस्तावेज मिले हैं। ब्यूरो का कहना है कि यह संपत्ति वार्षिक संपत्ति विवरण में नहीं दिखाई गई थी। ब्यूरो ने स्थानीय बाजार भाव के आधार पर इस जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान जताया है। यह मूल्यांकन प्रारंभिक बताया गया है और संपत्ति के दस्तावेजों तथा कीमत की जांच जारी है।


अलग-अलग जिलों में रहे हैं पदस्थापित


विभागीय विवरण के अनुसार, अजीत कुमार दास वर्ष 2014 से 2017 तक मढ़ौरा, छपरा में सहायक अभियंता रहे। इसके बाद 2017 से 2020 तक वारसोई, कटिहार और 2020 से 2024 तक किशनगंज में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत रहे। वर्ष 2024 से 2025 तक उन्होंने सासाराम में गुणवत्ता लैब नियंत्रण से जुड़े पद पर काम किया। वर्ष 2025 से जून 2026 तक भागलपुर प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता विभाग में पदस्थापित रहे और जुलाई 2026 से सासाराम प्रमंडल में कार्यरत बताए गए हैं। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, तलाशी और मामले का अनुसंधान जारी है। बरामद दस्तावेजों तथा अन्य संपत्तियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पटना से कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट