Bihar Weather: बिहार में अगले 2 दिनों में गिरेगा पारा, कड़ाके की ठंड करेगी हाल बेहाल, जानिए मौसम विभाग का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में ठंड बढ़ने लगी है। कई जिलों में घने कोहरे से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।

ठंड
ठंड का बढ़ने लगा असर - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ठंड ने जोर पकड़ लिया है। सुबह और रात के समय सर्द हवाओं और कोहरे ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है, जबकि दिन में कड़ी धूप के कारण राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और अगले दो दिनों तक ठंड में और वृद्धि की संभावना है।

तापमान में गिरावट जारी 

रविवार को पटना सहित कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य का न्यूनतम तापमान 12.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26.5 से 29.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। किशनगंज में 12.6 डिग्री राज्य का न्यूनतम और फारबिसगंज में 29.4 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया में सबसे कम दृश्यता 500 मीटर रही।

कैमूर बना सबसे ठंडा जिला

पिछले 24 घंटे में कैमूर जिला का अधौरा प्रखंड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.4°C दर्ज किया गया। इसके अलावा पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, नवादा, मधुबनी, दरभंगा और पटना समेत कई जिलों में तापमान 10 से 14°C के बीच रहा, जो ठंड में तेजी का संकेत दे रहा है।

अगले दो दिन रहेगा घना कोहरा और शुष्क मौसम

आईएमडी के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, पूर्णिया, जमुई, पटना और कैमूर जिलों में सुबह–शाम दृश्यता प्रभावित रह सकती है। साथ ही रात व सुबह के तापमान में 2 से 3°C की अतिरिक्त गिरावट संभव है।

कहाँ पड़ेगी सबसे अधिक ठंड?

उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 10–14°C रहेगी। अन्य जिले में न्यूनतम तापमान 14–16°C रहेगी। अधिकतम तापमान 24–28°C के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में दिन में हल्की गर्माहट महसूस होगी, लेकिन सुबह और शाम ठंड अधिक प्रभावी रहेगी।

ठंड बढ़ने की वजह क्या है?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मध्य क्षोभमंडल स्तर पर द्रोणिका की मौजूदगी से अगले दिनों में तापमान और गिर सकता है तथा कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।