Bihar weather: बिहार में गर्मी का कहर, 5 दिनों के लिए लू का अलर्ट, मौसम विभाग ने 31 जिलों के लिए जारी की चेतावनी
Bihar weather: बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं आज 31 जिलों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की है..........

Bihar weather: बिहार में अब गर्मी का कहर शुरु हो गया है। लोगों को भीषण गर्मी से परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार में अगले 5 दिन के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को तापमान में बढोतरी देखी गई। दिन और रात दोनों ही समय लोगों को गर्म हवाओं और तीखी धूप का सामना करना पड़ेगा। वहीं आज यानी शनिवार को राज्य के 31 जिलों में ‘हॉट डे’ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
भीषण लू की चेतावनी
वहीं रविवार यानी 11 मई को बिहार के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आज मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, नालंदा, जहानाबाद, पटना और अरवल में 'हॉट डे' की चेतावनी दी गई है।
हॉट डे का अलर्ट
इनमें से अरवल, औरंगाबाद, बांका, भोजपुर, बक्सर, गया, जहानाबाद, नालंदा, सारण, पटना, वैशाली, सासाराम और कैमूर के कुछ हिस्सों में 'हॉट नाइट' की भी आशंका है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसके कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के आसमान साफ हैं और सीधी तेज धूप धरती पर पड़ रही है। इसके साथ गर्म पछुआ हवाएं भी चल रही हैं, जिससे गर्मी की तीव्रता और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, नवादा, जमुई और बांका में लू चलने की आशंका है। शेष जिलों में ‘हॉट डे’ का अलर्ट जारी रहेगा।
45 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। सबसे अधिक तापमान गोपालगंज में 41.6°C दर्ज किया गया, जबकि वाल्मीकि नगर में 41.2°C, गया में 40.8°C, खगड़िया में 40.7°C और मोतिहारी में 40.0°C रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि बिहार में गर्मी ने अब अपना विकराल रूप धारण कर लिया है।