Bihar Weather: बिहार के 38 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट, अगले दो दिनों तक नहीं मिलेगी राहत, जानिए कब से शुरु होगा मानसून

Bihar Weather: पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बिहार में जल्द ही गर्मी से राहत मिलने वाली है। 13 से 14 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत हो सकती है

हीटवेव
Heatwave alert in 38 districts - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। गर्मी के कारण दिन और रात के हालात एक समान रह रहे हैं। अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्यभर के लिए हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक गर्म और लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।

कहीं धूप कहीं बारिश

बता दें कि, प्रदेश में मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। उत्तर बिहार में जहां गुरुवार को आंधी और बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं दक्षिणी हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पटना में भीषण गर्मी 

राजधानी पटना में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते एक हफ्ते में तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 6 जून को बारिश के बाद अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री था। जो अब बढ़कर 40.7 डिग्री हो गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 48 घंटों के भीतर पटना समेत कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है। जिससे आंशिक राहत मिल सकती है।

40 डिग्री पार हुआ तापमान 

राज्य का अधिकतम तापमान औसतन 2.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ। 12 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बक्सर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 26.1 डिग्री बांका में रिकॉर्ड हुआ। अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा: गोपालगंज 41.7, डेहरी 41.5, आरा 40.8, पटना 40.7, गया व औरंगाबाद 40.6, मोतिहारी 40.5, वाल्मीकिनगर, छपरा व दरभंगा 40.4 और जीरादेई 40.1 डिग्री सेल्सियस। राजधानी पटना में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। बुधवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। पटना का अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर क्रमशः 40.7 और 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

17 जून तक प्रदेश में प्रवेश करेगा मानसून 

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 15 से 17 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार में प्रवेश करने की संभावना है। मानसून के आगमन के साथ न सिर्फ लू से निजात मिलेगी, बल्कि खेती-बाड़ी से जुड़े कार्यों में भी तेजी आएगी। इससे पहले मौसम विभाग ने राज्य में 12 और 13 जून को हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लेकिन 14 जून के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।