Bihar Weather: बिहार में इन दिनों गर्मी अपना तेवर दिखाने लगा है। लोगों भीषण गर्मी का अनुभव कर रहे हैं। दोपहर होते ही तेज धूप लोगों को बेहाल कर रही है, जिससे पसीना बहने लगता है। साथ ही, मंद-मंद पछुआ हवा भी चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जबकि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अगले तीन दिनों तक दिन और रात के तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल, प्री-मानसून सीजन में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग की राय
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में पश्चिम ईरान के आसपास एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। साथ ही ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इन सभी मौसमी प्रभावों के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान में वृद्धि होगी। अगले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3°C तक और न्यूनतम तापमान में 1-3°C तक बढ़ोतरी की संभावना है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
आज यानी 12 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा। राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा और सहरसा—में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में आसमान साफ रहेगा। राज्य के दक्षिणी जिलों—गया, औरंगाबाद, जमुई, अरवल, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, पटना और नवादा—में अधिकतम तापमान 34-36°C तक रहने का अनुमान है, जो सामान्य से अधिक होगा। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम गति की पछुआ हवा चल सकती है।
तापमान के आंकड़े
11 मार्च को बिहार में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। इस दिन बक्सर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि पूसा में न्यूनतम तापमान 14.4°C रहा। वहीं, खगड़िया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.3°C दर्ज किया गया।