Bihar Weather: बिहार के 14 जिलों में बारिश का ऑरेंज तो 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी, पटना में सुबह से छाए बादल

Bihar Weather: मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों में बारिश का ऑरेंज तो 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। पटना में सुबह से बादल छाए हैं। सुबह सुबह ठंडी हवाएं राहत दे रही हैं।

बारिश
30 जिलों में बारिश का अलर्ट- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के 30 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें से 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। वहीं, भोजपुर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जैसे 6 जिलों में हीटवेव (लू) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।

30 जिलों में बारिश का अलर्ट 

मौसम विभाग ने 16 जिलों को येलो कैटेगरी में रखा है। जहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। इन इलाकों के लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंची जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है। हालांकि नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, गया, बेगूसराय, लखीसराय और नवादा में फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

जल्द एंट्री करेगा मानसून

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 15 से 17 जून के बीच बिहार में मानसून की एंट्री संभव है, जबकि 17 से 20 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा है कि 15-16 जून से उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं और चार से पांच दिनों में पूरे राज्य में मानसून प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर बिहार में रविवार से गर्मी से आंशिक राहत मिलनी शुरू हो जाएगी, लेकिन दक्षिण बिहार के जिलों को अभी दो दिन तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। राज्य में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है। हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले कुछ दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा। शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना समेत 16 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

पटना में रविवार को ठनका और बारिश की चेतावनी

राजधानी पटना में मौसम विभाग ने रविवार को ठनका और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। शनिवार को भीषण धूप के कारण यहां का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीच में आंशिक रूप से बादल छाए जरूर रहे, लेकिन गर्मी ने लोगों को दिन और रात दोनों समय बेहाल कर दिया।