Bihar Weather: बिहार में शुरु हुई कड़ाके की ठंड, तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री पर पहुंचा, सर्द हवाओं की मार से हाल बेहाल, जानिए मौसम विभाग की अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री पर पहुंच चुका है। सर्द हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है....
Bihar Weather: बिहार में ठंड अब धीरे धीरे अपनी रफ्तार पकड़ रहा है। सुबह और शाम में अब कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है। ठिठुरन और सिहरन भी महसूस की जा रही है। सम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है, हालांकि राजधानी पटना में आसमान साफ रहने के आसार हैं।
9 डिग्री से नीचे गिरा पारा
शनिवार को बिहार के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। वहीं फारबिसगंज ने इस दिन राज्य का सबसे अधिक 30.2°C तापमान दर्ज किया, जबकि सासाराम में पारा गिरकर 10.2°C तक पहुंच गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान रहा। पूर्णिया में दृश्यता घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित रहा।
पटना में भी कड़ाके की ठंड
पटना में भी सर्दी का असर नजर आया। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27.3°C और न्यूनतम तापमान 15.8°C रिकॉर्ड किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह-शाम लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है, हालांकि दिन में धूप निकले रहने से राहत बनी हुई है।
राज्यभर में कड़ाके की ठंड का असर
इस बार सर्दी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। शनिवार की रात तापमान कई इलाकों में 9°C के करीब पहुंच गया। दक्षिण बिहार के सीमावर्ती जिलों में ठंड का प्रभाव सबसे अधिक है। रोहतास (नौहट्टा): 9.6°C, गया: 10.1°C, नवादा: 10.5°C, बक्सर: 10.8°C, शेखपुरा: 10.9°C और पटना: 11.4°C रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 15°C से नीचे ही बना हुआ है।
ठंडी हवाओं और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही 30 किमी/घंटा तक की ठंडी पछुआ हवा मौसम में और सर्दी घोल रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में सुबह के समय कोहरा बढ़ने की चेतावनी दी है। इससे विजिबिलिटी प्रभावित होने और सड़क यातायात में दिक्कतें आने की आशंका है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता भी तेजी से गिर रही है। पटना के बीआईटी इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 299 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। अन्य जिलों में भी हाल लगभग यही रहा।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के अनुसार अगले एक सप्ताह तक दिन और रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है। दिन का तापमान 26–30°C तो रात का तापमान 10–16°C रहने की संभावना है। 20 नवंबर तक दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान 26–28°C के बीच रह सकता है, जबकि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में यह 28–30°C तक जा सकता है। रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान है, जो कई जिलों में 11°C तक पहुंच सकता है।