Bihar Weather: इंतजार खत्म ! बिहार में मानसून की एंट्री, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए पटना में कब से बरसेंगे बदरा
Bihar Weather: बिहार में मानसून की एंट्री हो गई है। पूर्णिया किशनगंज के रास्ते बिहार में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश भर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है....

Bihar Weather: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बिहारवासियों को राहत देने वाला पल आ ही गया। मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बिहार में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। किशनगंज के रास्ते राज्य में दाखिल हुआ मानसून अब तेजी से अपना विस्तार कर रहा है। इसके प्रभाव से किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, बांका और मुंगेर में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली है।
मानसून आते ही किसानों के चेहरे पर छाई खुशी
राज्य के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से लू और तेज धूप ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था। लेकिन मानसून की आमद से मौसम में बदलाव आया है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे सबसे ज्यादा राहत उन किसानों को मिली है जो बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। धान की रोपाई की तैयारी कर चुके किसान अब बारिश के बाद खेतों की ओर लौटते दिख रहे हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून की पहली बारिश ने खेतों की प्यास बुझाई है और उम्मीद की नई किरण जगाई है। इससे पहले मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, मधुबनी और किशनगंज सहित कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने यह भी अनुमान जताया था कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य में मानसून प्रवेश कर सकता है जो अब सटीक साबित हुआ।
पटना में कल बारिश की संभावना
विभाग ने साथ ही अररिया, बांका, भागलपुर, पश्चिम चंपारण और सुपौल में वज्रपात और मेघगर्जन की संभावना भी जताई है। राजधानी पटना के लिए मौसम विभाग ने बताया कि आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं, जबकि बुधवार से बारिश की संभावना के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। फिलहाल बिहार में मानसून की एंट्री ने मौसम को सुहाना बना दिया है और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार कितनी बनी रहती है।