Bihar weather: सावधान बिहार! अगले 24 घंटे बेहद मुश्किल, तेज धूप और वॉर्म नाइट से बढ़ेगी लोगों की परेशानी,मानसून के बीच गर्मी ने तोड़े राहत के सारे रिकॉर्ड, 19 जिलों में गर्मी का रेडार तेज

Bihar weather: मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ते ही पूरे बिहार में एक बार फिर चिलचिलाती धूप, उमस भरी गर्मी और लू जैसे हालात ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।...

Bihar weather 24 hours will be extremely difficult
बिहार में आग उलग रहे सूर्य- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में समय से पहले दस्तक देने वाले मानसून ने शुरुआत में लोगों को राहत का एहसास जरूर कराया था, लेकिन अब हालात बिल्कुल उलट नजर आ रहे हैं। मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ते ही पूरे सूबे में एक बार फिर चिलचिलाती धूप, उमस भरी गर्मी और लू जैसे हालात ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर और पूर्व बिहार के कुछ जिलों को छोड़ दें तो राज्य का बड़ा हिस्सा इस वक्त भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आम लोगों के लिए आफत बन गया है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों तक पश्चिम और मध्य बिहार के कई जिलों में गर्मी का सितम जारी रहेगा। दिन के तापमान में सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि रात में भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है। यही वजह है कि दिन में तपिश और रात में उमस लोगों की नींद और सुकून दोनों छीन रही है।

लू और अत्यधिक गर्मी को लेकर पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह से ही सूरज आग उगल रहा है और दोपहर होते-होते गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर मानसून आने के बाद लगातार बारिश और बादलों की मौजूदगी तापमान को नियंत्रित रखती है, लेकिन इस बार तस्वीर अलग है। 11 जून को समय से पहले बिहार में प्रवेश करने वाला मानसून अब कमजोर पड़ गया है। मानसून ट्रफ लाइन की सक्रियता कम होने से बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं। नतीजतन आसमान साफ है, तेज धूप सीधे धरती पर पड़ रही है और पछुआ हवाएं वातावरण को और ज्यादा गर्म बना रही हैं।

राजधानी पटना में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। आसमान में आंशिक बादल दिखाई देने के बावजूद राहत देने वाली बारिश के कोई मजबूत संकेत नहीं हैं। उमस और गर्मी का डबल अटैक लोगों को बेहाल कर रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल लोगों को कुछ और दिन गर्मी की इस मार को झेलना पड़ सकता है। मानसून की मौजूदगी के बावजूद बिहार में मौसम का मिजाज लोगों के लिए राहत नहीं बल्कि नई परेशानी लेकर आया है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।