Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में होगी बारिश, स्वेटर से पहले निकाल लें छाता !

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम के बदलने की संभावना है। छठ पूजा के दौरान मौसम विभाग ने बारिश होने के संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 25 अक्टूबर के बाद बारिश होने की संभावना है....

छठ पूजा
छठ पूजा में बारिश डालेगी खलल- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य में दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। हालांकि अब भी गर्मी महसूस हो रही है। वहीं रात और सुबह में हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह के समय घना कुहासा देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना जताई गई है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट

मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जिससे सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, नहाय-खाय और खरना के दिन मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन संध्या अर्घ्य और सुबह अर्घ्य के समय हल्के बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 25 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना जताई हैय़ 

इन जिलों में छठ के दौरान हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से बारिश की शुरुआत हो सकती है। इस दिन जमुई और भागलपुर में हल्की बारिश के आसार हैं। 28 अक्टूबर को नवादा, जमुई और बांका में छिटपुट बारिश की संभावना है। 29 अक्टूबर को बारिश का दायरा बढ़ेगा और यह उत्तर से दक्षिण बिहार तक फैल सकता है। इस दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में बादल और फुहारें देखने को मिलेंगी। केवल पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

अब भी 36 डिग्री रह रहा दिन का तापमान 

राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की गति की हवा चलने की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा और ठंड का असर बना रहेगा।