Bihar Weather: पटना सहित बिहार के इन 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कोसी का बढ़ा जलस्तर, जानिए आपके शहर का हाल
Bihar Weather: मौसम विभाग ने पटना सहित बिहार के 24 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर कोसी का जलस्तर बढ़ते जा रहा है। लोगों को अब आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता तेज हो गई है। इसी बीच रविवार को भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिणी, मध्य और पश्चिमी बिहार में आज बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं राज्य के शेष 14 जिलों में मौसम सामान्य बना रहने के आसार हैं।
कोसी का बढ़ा जलस्तर
बीते 24 घंटों में सहरसा में कोसी बराज से 82,865 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे कोसी का जलस्तर बढ़ गया है। इस कारण स्थानीय लोगों को नाव के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। उधर वैशाली में बिदुपुर-जिमदारी घाट पर पीपा पुल हटाए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है और ओवरलोड नावों से गंगा पार की जा रही है।
गर्मी ने भी किया परेशान
शनिवार को राज्य के आठ जिलों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। गोपालगंज में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया, जो सबसे गर्म रहा। वहीं मोतिहारी में तापमान 37.2 और दरभंगा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में तेज धूप के चलते उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
कहीं बारिश, कहीं जलजमाव
बक्सर में शनिवार को बारिश हुई जबकि सासाराम में महज आधे घंटे की बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। वहीं आज के मौसम की बात करें तो दक्षिण-पूर्व और उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। मधुबनी, सुपौल, अररिया, भागलपुर और पश्चिम चंपारण में भी बारिश के आसार हैं।
कल आंधी-पानी की चेतावनी
वहीं कल यानी 30 जून पटना समेत पूरे राज्य में आंधी-बारिश की स्थिति रह सकती है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। येलो अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को स्थिति पर निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
लोगों को सलाह दी गई है कि-
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वो अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, खासकर बारिश या वज्रपात के समय। खेतों, खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। मौसम संबंधी अपडेट के लिए मोबाइल ऐप या सरकारी सूचनाओं पर नजर रखें।