Bihar weather: बिहार में अब गर्मी का कहर शुरु, 16 मई तक हीट वेव की चेतावनी, पारा 40 डिग्री पार
Bihar weather: बिहार में अब गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 16 मई तक हीट वेव की चेतावनी जारी की है। राज्यभर तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।

Bihar weather: बिहार के मौसम में एक बार फिर बदलाव शुरु हो गया है। आंधी बारिश को दौर अब थम गया है और इसके साथ ही भीषण गर्मी का कहर शुरु हो गया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 10 दिनों के अंतराल के बाद 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। गया में सबसे अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी का दौर शुरु
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का पूर्वानुमान जताया है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिले गर्म और शुष्क बने रहेंगे। रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
तापमान में बढ़ोतरी
28 अप्रैल को डेहरी में प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था, जिसके बाद गुरुवार को गया में 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश के 10 जिलों में हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी ने लोगों को झुलसा दिया। वहीं आज यानी शुक्रवार को पटना में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन तापमान में और वृद्धि हो सकती है। राजधानी में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बांका रहा सबसे ठंडा
राज्य का सबसे ठंडा स्थान इस दौरान बांका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो 38.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।
16 मई तक हीट वेव की चेतावनी
हालांकि अब राज्य में पछुआ हवाओं का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 8 मई से बिहार में पछुआ हवाओं का प्रभाव व्यापक हो गया है। जिससे राज्य में गर्म और शुष्क मौसम की स्थिति बनेगी। 10 से 16 मई के बीच राज्य के कई जिलों में हीट वेव और हॉट डे की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट भी लागू किया गया है।