Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर बढ़ेगी कनकनी, पहाड़ी इलाकों पर बारिश और बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड, लोगों से सावधान रहने की अपील

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर कनकनी बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी एक बार फिर ठंड बढ़ा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि लोग स्वेटर रखने में जल्दी बाजी ना करें।

ठंड
फिर लौटेगी ठंड !- फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में ठंड का असर फिलहाल कम है लेकिन ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। हालांकि आज मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है। हालांकि फरवरी के दूसरे सप्ताह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

दोपहर में बढ़ रहा तापमान 

इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला-बदला नजर आ रहा है। दिन की शुरुआत ठंडी हवा और कोहरे के साथ होती है, लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ता है, तापमान बढ़ने लगता है और मौसम का स्वरूप बदल जाता है। गुरुवार की सुबह वाल्मीकिनगर में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। दिन में हल्की हवा चलने के बावजूद धूप की गर्माहट के कारण इसका असर ज्यादा महसूस नहीं होता। दोपहर में तापमान इतना बढ़ जाता है कि लोग अधिक देर तक धूप में बैठना भी पसंद नहीं कर रहे हैं। वहीं शाम ढलते ही हवाओं के कारण फिर से ठंडक लौट आती है। इस दोहरे मौसम ने लोगों की दिनचर्या को उलझन में डाल दिया है।

कल तक कोई चेतावनी नहीं 

मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह हिमालय से सटे तराई क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा देखा गया। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा छाया रहा, जिसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में कोहरे का असर हल्का रहा और दृश्यता सामान्य बनी रही। विभाग का कहना है कि 7 फरवरी से घने कोहरे को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है और आने वाले दिनों में धूप तेज रहने की संभावना है।

गर्म कपड़े हटाने में जल्दीबाजी ना करें..

विशेषज्ञों की सलाह है कि अभी गर्म कपड़ों को पूरी तरह हटाने में जल्दबाजी न करें। सुबह और शाम के समय हल्के ऊनी कपड़े पहनना जरूरी है, जबकि दिन में तापमान के अनुसार हल्के कपड़े पहनना बेहतर रहेगा। अचानक बदलते तापमान से शरीर को बचाना जरूरी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रह सकती है। कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की हवा चलने के भी आसार हैं। फिलहाल ठंड की पूरी विदाई में अभी थोड़ा समय लग सकता है।