Bihar Weather: बिहार में मौसम के खतरनाक यू-टर्न से बदलेगी आबोहवा, इन जिलों में बारिश का अलर्ट

Bihar Weather: नवंबर की शुरुआत होते ही बिहार में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। कहीं हल्की बारिश ने दस्तक दी है तो कहीं तापमान में उछाल ने लोगों को हैरान कर दिया है। ...

Bihar Weather: बिहार में मौसम के खतरनाक यू-टर्न से बदलेगी आब
बिहार में मौसम का दोहरा मिजाज - फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: नवंबर की शुरुआत होते ही बिहार में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। कहीं हल्की बारिश ने दस्तक दी है तो कहीं तापमान में उछाल ने लोगों को हैरान कर दिया है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में उठ रहा गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की दिशा में बढ़ रहा है। इसके असर से बिहार के मौसम में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

चक्रवाती तूफान का खतरा, बिहार में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, 1 नवंबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 2 नवंबर को उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में बादल बरस सकते हैं। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बिहार के कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, फिलहाल पूरे बिहार में व्यापक बारिश का कोई संकेत नहीं है।

तापमान में 4 डिग्री तक उछाल, गर्मी का एहसास बढ़ेगा

बारिश की संभावना के बीच तापमान के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान पहले ही 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।इसके बाद अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रह सकता है। यानी सुबह और रात में हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा, जबकि दिन में अपेक्षाकृत गर्मी महसूस हो सकती है।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

मौसम के इस बदले मिजाज के बीच लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। खासकर उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में रहने वाले लोग बारिश की संभावना को देखते हुए जरूरी एहतियात बरतें। हालांकि, अभी किसी बड़े मौसमी संकट या भारी बारिश की पुष्टि नहीं हुई है।

कुल मिलाकर नवंबर की शुरुआत बिहार के लिए मौसम के दोहरे मिजाज के साथ हुई है। एक ओर चक्रवाती सिस्टम की आहट है तो दूसरी ओर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। आने वाले 2 से 4 दिनों में मौसम की चाल किस दिशा में जाती है, इस पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।