Bihar Weather: बिहार में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज,इन 18 जिलों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, तेज हवा बढ़ाएगी परेशानी
Bihar Weather:बिहार में मानसून के अंतिम दौर के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है।...
Bihar Weather:बिहार में मानसून के अंतिम दौर के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 6 से 8 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर 6 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका जताई गई है। मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 6 अक्टूबर को गया, पटना, सिवान, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, भागलपुर और लखीसराय में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ मेघगर्जन और बिजली चमकने की भी संभावना है। तेज हवाओं के चलते खुले इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
राजधानी पटना की बात करें तो 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों की वजह से तापमान में नरमी देखने को मिल सकती है।
7 अक्टूबर को मौसम का असर उत्तर बिहार के साथ राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधेपुरा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलग-अलग इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
8 अक्टूबर को मौसम का असर और ज्यादा जिलों में दिखाई दे सकता है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है।मौसम के इस मिजाज को देखते हुए किसानों और आम लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है। आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा। मानसून की विदाई से पहले बारिश का यह दौर बिहार के कई इलाकों में मौसम का रंग फिर बदल सकता है।