Bihar Weather: बिहार में होगी भारी बारिश, 38 जिलों में यलो अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राज्य के 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।...

Bihar Weather
38 जिलों में यलो अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राज्य के 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, मुंगेर और जमुई में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम का यह बदला हुआ तेवर 26 सितंबर तक कायम रह सकता है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश भी दस्तक दे सकती है।

बारिश के अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, गया, औरंगाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

पिछले 24 घंटे में जमुई में बारिश दर्ज की गई। वहीं पटना और गया में दिन के वक्त तेज धूप निकलने से उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।