Bihar weather:बिहार में मौसम का खतरनाक खेल,आंधी-बारिश- भीषण ठनका गिरने का अलर्ट, इन 20 जिलों में खतरे की घंटी

Bihar weather: बिहार में इन दिनों मौसम ने ऐसा रंग बदला है कि लोग पूरी तरह बेहाल हो गए हैं। कभी चिलचिलाती धूप शरीर को झुलसा रही है, तो कभी अचानक चलने वाली ठंडी पुरवा हवाएं राहत दे रही हैं।

Bihar weather
भीषण ठनका गिरने का अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में इन दिनों मौसम ने ऐसा रंग बदला है कि लोग पूरी तरह बेहाल हो गए हैं। कभी चिलचिलाती धूप शरीर को झुलसा रही है, तो कभी अचानक चलने वाली ठंडी पुरवा हवाएं राहत दे रही हैं। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में हर 24 से 48 घंटे में मौसम करवट ले रहा है, जिससे तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी पुरवा हवाएं इस बदलाव की बड़ी वजह हैं, जिसने पछुआ हवा को पीछे धकेल दिया है। हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बीते 10 दिनों में तापमान में करीब 11 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि अगले 3-4 दिनों तक भी इसी तरह का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

लेकिन राहत के साथ खतरा भी बढ़ गया है। बिहार के कई जिलों में तेज आंधी, गरज के साथ बारिश और ठनका (बिजली गिरने) का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बेगुसराय, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, गोपालगंज, सीतामढी, वैशालीसहित कई अन्य जिले शामिल हैं। इन इलाकों में अचानक मौसम खराब होने, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का बार-बार बदलता मौसम खासकर कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए खतरा बन सकता है। वायरल संक्रमण, सर्दी-खांसी और बुखार के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, क्योंकि शरीर इस तेजी से बदलते मौसम के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहा।

खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें,आंधी-बारिश के दौरान घर में रहें.बिजली कड़कने के समय मोबाइल का उपयोग खुले में न करें.किसानों और मजदूरों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह

फिलहाल बिहार में मौसम का यह डबल अटैक लोगों के लिए राहत और खतरे दोनों लेकर आया है। ऐसे में प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।