बिहार पर मेघों का अटैक, 3 से 5 अगस्त तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, इन जिलों में अति भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर है। मौसम विभाग ने 3 से 5 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।...

Bihar Weather Braces for Heavy Rain Thunderstorm Alert patna
बिहार पर मेघों का अटैक!- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर है। मौसम विभाग ने 3 से 5 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। बिहार मौसम सेवा केंद्र, पटना ने साफ किया है कि आने वाले तीन दिन कई जिलों के लिए बेहद संवेदनशील रहेंगे। लोगों से एहतियात बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

आज यानी  3 अगस्त के लिए जारी ताज़ा बुलेटिन में गोपालगंज और सीवान जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा किशनगंज, सुपौल और पश्चिमी चंपारण में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी सिस्टम के सक्रिय होने से उत्तर और मध्य बिहार के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक, 4 और 5 अगस्त को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान आसमान में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, जलजमाव और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं।

विभाग ने किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। जिन इलाकों में जलभराव की आशंका रहती है, वहां रहने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

तापमान के मोर्चे पर भी राहत मिलने के संकेत हैं। हार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में पूरे बिहार में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लगातार बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहाना होने की उम्मीद है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आने वाले तीन दिन बिहार के लिए मानसून की सबसे सक्रिय अवधि साबित हो सकते हैं।