Bihar Weather: बिहार में बीते कई दिनों से शुष्क मौसम और तेज हवाओं का दौर जारी था, लेकिन अब प्री-मानसून सीजन में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 8 और 9 मार्च को बिहार के 12 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 6 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवातीय परिसंचरण का असर बिहार के मौसम पर भी पड़ रहा है। साथ ही, 9 मार्च से पश्चिमी हिमालय में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बिहार के आसमान में आंशिक बादल छाने और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
किन जिलों में होगी बारिश?
8 और 9 मार्च को जिन 12 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई में बारिश की संभावना है। इनमें से किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका और जमुई में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
7 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हल्की से मध्यम गति की पछुआ हवाएं चलेंगी और दिनभर धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 28°C से 30°C के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 14°C से 18°C के बीच रह सकता है।
कैसा था कल का मौसम
6 मार्च को बिहार में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम जिलों में दिन के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में गिरावट देखी गई। सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 29.8°C रहा। सबसे कम तापमान सीवान के जीरादेई में 9.5°C रहा। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर वज्रपात संभावित जिलों में।