Bihar Weather: बिहार में मौसम ने बदला मिजाज, शुरू हुआ ‘विंटर मोड’, दिसंबर में टूटेगा सारा रिकॉर्ड
Bihar Weather: नवंबर का महीना अब खत्म होने वाला है। वहीं ठंड भी अपना रफ्तार पकड़ चुका है। माना जा रहा है कि दिसंबर में ठंड सारा रिकॉर्ड तोड़ देगा। जनवरी तक राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
Bihar Weather: बिहार में ठंड की शुरुआती दस्तक के साथ ही लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। रात का तापमान गिरकर 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में कोहरे से दृश्यता केवल 450 मीटर रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह ठंड का सिर्फ आग़ाज़ है। असली ठिठुरन दिसंबर की शुरुआत से महसूस होगी। अनुमान है कि दिसंबर के पहले हफ्ते से लेकर जनवरी तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी।
पछुआ हवा बढ़ाएगी सर्दी
मौसम विभाग की मानें तो पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज सहित उत्तरी बिहार में पछुआ हवा की रफ्तार तेज़ होने से तापमान और गिरेगा। बिहार मौसम सेवा केंद्र का अनुमान है कि अगले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में धुंधला आसमान और शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर बिहार में 40 किमी/घंटा तक की पछुआ हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 26 से 30°C और न्यूनतम तापमान 8 से 12°C के बीच रहने का अनुमान है।
कोहरे ने बढ़ाई दिक्कतें
वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा भी घना होता जा रहा है। गुरुवार को पूर्णिया में दृश्यता सबसे कम 450 मीटर दर्ज की गई। पटना, गोपालगंज और बेगूसराय सहित कई जिलों में सुबह-शाम घना कोहरा छाया रहा। आने वाले दो दिनों तक भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, सीतामढ़ी और सुपौल में विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है। जिसका असर रेल परिचालन पर भी पड़ सकता है।
कैमूर सबसे ठंडा जिला
मौसम विभाग अनुसार कैमूर के भभुआ स्थित अधौरा प्रखंड में राज्य का सबसे कम तापमान 7.4°C दर्ज किया गया है। यह इस सीजन का अब तक का न्यूनतम तापमानों में शामिल है। पहाड़ी और वन क्षेत्र, ग्रामीण इलाकों तथा नदियों के किनारे ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। वहीं भोजपुर, रोहतास, गया, नवादा, जमुई, मुंगेर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा और कटिहार में भी तापमान 10 से 14°C के बीच रहा।
नवंबर के अंत में बढ़ी सर्दी
जैसे-जैसे नवंबर का महीना खत्म हो रहा है, बिहार में सर्दी का असर भी तेज़ होता जा रहा है। दिन में हल्की धूप और शाम ढलते ही तेज़ ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 9.7°C रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24 से 29°C के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3–4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट की संभावना है, जिससे ठिठुरन वाली ठंड और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।