Bihar Weather: बिहार में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, 16 जिलों में कोल्ड डे तो 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, जानिए IMD की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 16 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। 22 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने को कहा है।
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 3 दिनों से सूरज भगवान के दर्शन नहीं हुए हैं। तापमान में लगातार गिरावट और घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अभी और ठंड बढ़ने की संभावनाएं हैं। हालांकि 4 से 5 दिनों के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग की मानें तो 5 से 6 दिनों के बाद कोहरे और ठंड से राहत मिलने की संभावनाएं हैं।
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग की मानें तो आज यानी 21 दिसंबर को उत्तर पश्चिम और उत्तर मध्य बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अधिकांश जिलों में घने कोहरे और पछुआ हवाओं के कारण शीत दिवस जैसे हालात बने हुए हैं। हालांकि, राज्य के किसी भी शहर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं पहुंचा है, इसलिए आधिकारिक तौर पर शीत दिवस की घोषणा नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 23 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिससे लोगों को ठंड से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना में धूप के आसार नहीं
राजधानी पटना में रविवार की सुबह कोहरा छाया रहेगा, जबकि दोपहर में बादल बने रहने की संभावना है। ऐसे में लगातार चौथे दिन भी लोगों को धूप नसीब होने की उम्मीद कम है। शनिवार को पटना में सुबह मध्यम स्तर का कोहरा रहा। शहर का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में लगातार बढ़ रही ठंड के कारण सभी 38 जिलों में दिन के समय भी रात जैसी ठिठुरन महसूस की जा रही है
5 से 6 दिनों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर कम हो गया है। इसी कारण दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। बीते 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। आने वाले पांच से छह दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम बताई जा रही है।
घने कोहरे की संभावना
रविवार और सोमवार को राज्य के अधिकांश शहरों में सुबह के समय घना से मध्यम कोहरा छाया रहने की संभावना है, जो दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे छंट सकता है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों में कुछ स्थानों पर घना, जबकि अन्य हिस्सों में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों के कुछ जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनने के आसार हैं।