Patna Weather: पटना में शीतलहर के साथ कोहरा का अटैक, बिहार में सूरज बेनूर, अब दिन में भी छुटेगी कंपकपी, सूबे में 27 दिसंबर तक घना कोहरा और शीत दिवस का अलर्ट जारी, बिना काम के घर से नहीं निकलें बाहर

Bihar Weather:पछुआ हवाओं ने कनकनी को और तेज कर दिया है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए 27 दिसंबर तक चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Bihar Weather
पटना में शीतलहर के साथ कोहरा का अटैक- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:समूचा बिहार इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। बीते कई दिनों से आसमान पर बादलों और कोहरे की ऐसी चादर छाई हुई है कि लोगों को सूर्य देवता के दर्शन नसीब नहीं हो पा रहे हैं। पछुआ हवाओं ने कनकनी को और तेज कर दिया है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए 27 दिसंबर तक चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कोहरे का असर खास तौर पर सुबह और देर रात देखने को मिल सकता है।

वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ठंडी हवाओं के कारण दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे शीत दिवस की स्थिति बनेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 22 दिसंबर को ठंड का असर और बढ़ गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस नालंदा जिले के राजगीर में दर्ज किया गया, जबकि गयाजी में यह 8 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 25 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है, जिससे दिन-रात हाड़ कंपाने वाली ठंड लोगों को परेशान करेगी।